
UP News /महोबा। यूपी के महोबा जिले में अजनर थाना क्षेत्र के बुधवारा गांव में बीड़ी पीने के लिए माचिस न देने के विवाद में दबंग ने युवक की लातघूसों से मारपीट व जमीन पर पटककर हत्या कर दी। सूचना पर अपर एसपी, सीओ व थानाध्यक्ष ने घटनास्थल पहुंच कर जांच की।
मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। बुधवारा गांव निवासी हरलाल का बड़ा पुत्र बालादीन खेत से घर वापस लौट रहा था, तभी गांव के ही धर्मेंद्र ने शराब के नशे में बीड़ी जलाने के लिए बालादीन से माचिस मांगी, तो उसने माचिस देने से मना कर दिया। जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चला गया।
रात करीब 12 बजे एक बार फिर धर्मेंद्र नशे में धुत होकर बालादीन के घर पहुंचा। इसके बाद दरवाजे पर गाली-गलौज करते हुए पत्थर फेंकने लगा। इस पर पिता हरलाल बाहर निकाला और विरोध किया, तो दबंग ने उसके सिर पर पत्थर मार दिया। इससे वह गिर गया। शोर-शराबा सुनकर पिता को बचाने दौड़े छोटे बेटे केशव (35) के साथ भी दबंग ने लातघूसों से मारपीट कर दी।
आरोपी इतनी ही मारपीट से संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने केशव की खूब पिटाई, सीने में लात मारते हुए जमीन में पटक दिया। इससे केशव अचेत होकर गिर गया। तब आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। परिजन गंभीर हालत में केशव को मध्यप्रदेश के नौगांव अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक सत्यम, सीओ हर्षिता गंगवार, थानाध्यक्ष शिवआसरे ने गांव पहुंच ग्रामीणों से जानकारी लेते हुए जांच की। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी धर्मेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।