CM योगी को फिर मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने कसी कमर
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
19 Jul 2024 04:33 PM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
19 Jul 2024 04:33 PM
UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक बार फिर जान से मारने की धमकी ने पुलिस के बीच हलचल पैदा कर दी है। बताया जा रहा है कि सीएम योगी को धमकी देने वाला शख्स एलएलबी का स्टूडेंट है। जिसने सोशल मीडिया के जरिए सीएम को पांच दिन के अंदर बम से उड़ाने की धमकी दी है। इस पोस्ट के वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई है और आरोपी के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
CM योगी को मिली बम से उड़ाने की धमकी
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सीएम योगी को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले शख्स की पहचान सराय इनायत के मलावा बुजुर्ग गांव निवासी 22 वर्षीय अनिरुद्ध पांडे के रूप में की गई है। जो झूंसी क्षेत्र के एक निजी कॉलेज में एलएलबी द्वितीय वर्ष का छात्र है। फिलहाल गुरुवार को प्रयागराज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हिरासत में ले लिया है।
फेमस होने के लिए दी थी धमकी
पुलिस ने एक पोस्ट के जवाब में बताया कि आरोपी के खिलाफ सराय इनायत थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने एक्स (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट के जवाब में कहा, 'उक्त प्रकरण का त्वरित संज्ञान लेते हुए थाना सराय इनायत पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा चुका है, अभियुक्त को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही अमल में लाई गई है।' वहीं आरोपी से पूछताछ के दौरान पता चला कि चला कि उसने फेमस होने के लिए योगी को धमकी भरा मैसेज पोस्ट किया था। बता दें आरोपी ने अपने पोस्ट में लिखा था, 'उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पांच दिन के अंदर बम से उडा दूंगा।' इसके अलावा उसने उत्तर प्रदेश पुलिस, डीएम और उत्तर प्रदेश के एसटीएफ को भी टैग किया था।
पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा
आरोपी का ये पोस्ट वायरल होते ही सोशल मीडिया पर हलचल तेज होने लगी और आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीमें लगाई गई। कहा जा रहा है कि इस दौरान आरोपी की लोकेशन सराय इनायत इलाके में मिली जहां से पुलिस ने उसे धर दबोचा। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सीएम योगी को धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।