भ्रष्टाचार की गूंज पर सख्त हुए CM योगी, अब नहीं चलेगी ट्रांसफर की दलाली
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 01:26 PM
UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने भ्रष्टाचार की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्टाम्प एवं रजिस्ट्री विभाग (Stamp and Registry Department) में बड़ा कदम उठाया है। उत्तर प्रदेश के CM योगी ने विभाग में हो रहे मनमाने ट्रांसफरों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं साथ ही इस पूरे मामले की जांच के आदेश भी जारी किए हैं।
ट्रांसफर सीजन में लगे ब्रेक
उत्तर प्रदेश में मई-जून को ट्रांसफर सीजन (Transfer Season) माना जाता है जिसमें विभिन्न विभागों में आवश्यकतानुसार कर्मचारियों का स्थानांतरण किया जाता है। लेकिन इस बार स्टाम्प एवं रजिस्ट्री विभाग से जुड़ी शिकायतों के बाद 58 उप निबंधकों, 29 नव-प्रमोटेड उप निबंधकों और 114 कनिष्ठ सहायक निबंधकों के तबादलों पर रोक लगा दी गई है।
मनमानी और नियमों की अनदेखी की शिकायत
स्टाम्प एवं रजिस्ट्री विभाग के मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने बताया कि, विभाग में बिना उच्चाधिकारियों की सहमति के ट्रांसफर किए जा रहे थे, जबकि नियमानुसार उप निबंधक स्तर तक के तबादलों का अधिकार निदेशक के पास होता है और उससे ऊपर के ट्रांसफर प्रमुख सचिव की अनुमति से होते हैं। मंत्री ने यह भी खुलासा किया कि कई मामलों में अयोग्य और केवल 12वीं पास बाबुओं को रजिस्ट्रार बना दिया गया और उन्हें मनमर्जी से प्रमुख जिलों में तैनात कर दिया गया। इन तमाम अनियमितताओं को लेकर विभाग के भीतर ही सवाल उठने लगे थे।
CM योगी की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर फिर मुहर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमेशा से भ्रष्टाचार के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति को प्राथमिकता दी है। इसी नीति के तहत उन्होंने अब विभागीय ट्रांसफरों पर न केवल रोक लगाई है, बल्कि इस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच के निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी के इस फैसले से साफ संकेत मिलते हैं कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, चाहे वह छोटे बाबू हों या बड़े अधिकारी। UP News