यूपी में जलभराव पर सख्त हुए सीएम योगी, अफसरों को दी चेतावनी, लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं
UP News :
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 10:13 PM
UP News : उत्तर प्रदेश में मॉनसून की तेज बारिश और कई जिलों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी, और यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नगर निकायों को त्वरित जलनिकासी के आदेश
मुख्यमंत्री ने शहरी क्षेत्रों में जलभराव की गंभीरता को देखते हुए नगर निगमों, विकास प्राधिकरणों और अन्य संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जलनिकासी की व्यवस्था युद्धस्तर पर दुरुस्त की जाए, ताकि जनता को असुविधा से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि "जलभराव, जलस्तर वृद्धि और सड़क क्षति जैसी स्थितियों पर पूरी निगरानी होनी चाहिए। यह सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि किसी भी नागरिक को परेशानी न हो।"
बुंदेलखंड और प्रभावित क्षेत्रों में मंत्री स्तर पर निरीक्षण के निर्देश
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बुंदेलखंड और उन अन्य इलाकों का जिक्र किया जहां अत्यधिक बारिश दर्ज की गई है। उन्होंने जलशक्ति मंत्री और विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का आकलन करें, और यह सुनिश्चित करें कि जलभराव, बांधों, नहरों और अन्य जल संरचनाओं की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रहे।
सावधानी और समन्वय से काम करें : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी ने बिजली विभाग को भी अलर्ट करते हुए कहा कि जहां जलभराव की स्थिति बनी हुई है, वहां बिजली आपूर्ति प्रबंधन में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए, ताकि किसी भी दुर्घटना की आशंका को टाला जा सके। इसके अतिरिक्त, उन्होंने 16 ऐसे जिलों की भी चर्चा की, जहां अब तक औसत से कम वर्षा हुई है। वहां किसानों को सिंचाई के लिए आवश्यक जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बाढ़ संभावित क्षेत्रों में पूरी तैयारी के निर्देश
मुख्यमंत्री ने संवेदनशील इलाकों में बाढ़ प्रबंधन और राहत कार्यों की पूर्व तैयारी पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि राहत दलों को सक्रिय मोड में रखा जाए। नाव, सर्च लाइट, जीवन रक्षक उपकरण और मेडिकल किट पहले से तैयार रहें। जनहानि या पशुहानि की संभावना को शून्य पर लाया जाए। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिया कि मौसम से संबंधित ताजा जानकारी नियमित रूप से लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि समाज अवगत होकर सतर्क और तैयार रहे। उत्तर प्रदेश की शासन व्यवस्था इस समय आपदा प्रबंधन के टेस्ट मोड में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्पष्ट संदेश है कि सुशासन की असली परीक्षा आपात स्थितियों में होती है। उनके निदेर्शों से यह संकेत साफ है कि सिर्फ योजनाएं नहीं, जमीनी कार्रवाई की कसौटी पर परिणाम चाहिए।