सीएम योगी ने मिल्कीपुर जिताने के लिए चचा शिवपाल का धन्यवाद किया
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 02:35 AM
UP News : आज उत्तर प्रदेश विधानसभा में सीएम योगी ने विपक्ष पर जमकर हल्ला बोला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई मुद्दों पर समाजवादी पार्टी को घेरा। महाकुंभ को लेकर सीएम ने कहा कि आप इस पर प्रश्न नहीं खड़ा कर सकते, आपको सवाल उठाना ही है तो शासन पर सवाल उठाएं। योगी ने अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले भीड़ को लेकर सवाल उठाए, फिर उसे देखने के लिए संगम भी पहुंच गए। स्रान किया भीड़ देखी तो कहने लगे आयोजन की तिथि बढ़ा दीजिए। इसीलिए कहा था कि ये समाजवादी पार्टी दोहरे चरित्र के लोग हैं। सीएम ने इस दौरान मिल्कीपुर उपचुनाव का जिक्र भी किया, उन्होंने कहा कि चचा (शिवपाल यादव) का धन्यवाद, जिन्होंने मिल्कीपुर में सहयोग किया।
सीएम योगी विपक्ष पर रहे हमलावर
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए कहा कि किसी संक्रमित व्यक्ति का उपचार हो सकता है लेकिन संक्रमित सोच का इलाज संभव नहीं है। वह अपने आप ही कुढ़ता रहेगा, आज विपक्ष का यही हाल है। योगी ने सवाल किया कि क्या सनातन धर्म के किसी आयोजन को भव्यता के साथ करना कोई अपराध है? आस्था को सम्मान देकर आगे बढ़ाना क्या कोई अपराध है? अगर अपराध है तो हमारी सरकार इस अपराध को कर रही है और आगे भी करेगी। योगी ने महाकुंभ को लेकर जो भी सवाल उछाले गए थे सभी का एक एक करके करारा जवाब दिया।
कोविड में भी विपक्ष ने उपहास किया
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल के बारे में कहा कि इससे जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग किया जाता है, किसी भी सभ्य समाज के लिए वो शोभा नहीं देती है। कोविड में भी विपक्ष ने हमारा उपहास किया था, ये लोग वैक्सीन को बीजेपी की वैक्सीन कहा करते थे। अब कुंभ की अपार सफलता को देखते हुए विरोध करना इनकी मजबूरी है। कुंभ की सफलता को देश विदेश के करोड़ों लोगों ने जीभर कर जिया है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों का एक शहर में इकट्ठे होना और सफलता पूर्वक इस महापर्व का साक्षी बनना कोई साधारण बात नहीं है। UP News
अब यूपी के लोगों को सम्मान मिलता है
सीएम योगी ने कहा कि आज से आठ साल पहले यूपी के लोगों के सामने पहचान का संकट था, लेकिन पिछले 8 सालों में यूपी की छवि काफी बदल गई है। अब यूपी के लोगों को हर जगह सम्मान मिलता है। 5 हजार साल पहले भी कुंभ का जिक्र मिलता है पुराणों में। मैं विधानसभा अध्यक्ष से कहूंगा कि सभी सदस्यों को कुंभ ले जाना चाहिए। सभी को आस्था की डुबकी लगाने का अवसर मिलना चाहिए। मात्र सनातन का विरोध करने से ही काम नहीं चलेगा, अवसर मिला है तो आस्था की डुबकी लगाने का अवसर न गंवाएं। UP News