यूपी में सीएमओ-डीएम विवाद पर लगी लगाम : शासन ने सीएमओ को हटाया, डॉ. उदय नाथ होंगे नए सीएमओ
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 03:51 PM
UP News : उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में पिछले कई दिनों से चल रहा मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) और जिलाधिकारी (डीएम) के बीच का विवाद आखिरकार शासन के हस्तक्षेप से शांत होता दिख रहा है। शासन ने कड़ा कदम उठाते हुए सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है और श्रावस्ती से स्थानांतरित होकर आए डॉ. उदय नाथ को नया सीएमओ नियुक्त किया गया है।
क्या था विवाद का कारण?
काफी समय से डीएम जितेन्द्र प्रसाद सिंह और सीएमओ डॉ. नेमी के बीच आपसी टकराव की स्थिति बनी हुई थी। यह टकराव सरकारी बैठकों में असहमति से शुरू होकर अब व्यक्तिगत स्तर की तल्खी तक पहुँच चुका था। विवाद उस समय भड़क उठा जब सीएमओ का एक कथित आडियो वायरल हुआ, जिसमें वे डीएम के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करते सुने गए। UP News
बैठक से निकाले गए सीएमओ, मामला गरमाया
विवाद का चरम उस वक्त आया जब शनिवार को नवीन सभागार में आयोजित सीएम डैशबोर्ड और निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने सीएमओ को मंच से बाहर जाने का निर्देश दे दिया। इस घटना की पुष्टि स्वयं सीएमओ ने की थी। सूत्रों के मुताबिक यह घटना प्रशासनिक मर्यादाओं को लांघती दिखाई दी और शासन को दखल देना पड़ा। UP News
आडियो की जांच की तैयारी, हो सकती है कार्रवाई
सूत्रों का कहना है कि वायरल हुए आडियो की वॉइस स्कैन और सत्यापन कराने की तैयारी की जा रही है। यदि यह प्रमाणित होता है कि आॅडियो में आवाज डॉ. नेमी की ही है, तो उनके खिलाफ सेवा नियमों के अंतर्गत अनुशासनात्मक कार्यवाही भी संभव है। अपने बचाव में डॉ. हरिदत्त नेमी ने कहा कि उन्होंने हमेशा ईमानदारी और निष्ठा से कार्य किया है। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यों की सराहना विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना तक कर चुके हैं, जिन्होंने उनके पक्ष में शासन को पत्र भी भेजा था। UP News
शासन का स्पष्ट संदेश : अनुशासन सर्वोपरि
इस घटनाक्रम से स्पष्ट है कि प्रदेश सरकार प्रशासनिक मर्यादा और व्यवहार में अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। किसी भी स्तर पर टकराव या असंयमित व्यवहार को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे वह किसी भी पद पर आसीन अधिकारी क्यों न हो। कानपुर प्रशासनिक विवाद ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सरकार अब अधिकारियों के व्यक्तिगत टकराव और पद की गरिमा में आई गिरावट को लेकर कठोर रुख अपनाए हुए है। डॉ. नेमी की विदाई और डॉ. उदय नाथ की तैनाती इसी दिशा में एक निर्णायक कदम है। UP News