
UP News : उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर शहर से एक बड़ी खबर आ रही है। खबर यह है कि यहां यूपी की योगी की पुलिस से बेखौफ बदमाशों ने एक्सिस बैंक के गार्ड और कैशियर को गोली मारकर घायल कर दिया तथा 22 लाख रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। दिन दहाड़े बैंक लूट की इस वारदात से मिर्जापुर शहर में हड़कंप मचा है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है और सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है।
मिर्जापुर में बदमाशों ने दिनदहाड़े कैश वैन को लूटने की बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। कैश डिलेवरी वैन के गार्ड और कैश उठाने वाले कर्मचारी को गोली मारने के बाद बदमाश कैश से भरे बाक्स और बैग को उठाकर फायरिंग करते हुए भाग निकले। घटना से कुछ दूर आगे जाने पर बदमाशों को एक राहगीर ने मोटरसाइकिल से टक्कर मारकर रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उसके पैर में भी गोली मार दिया और फरार हो गए। दो मोटर साइकिलों पर आए चार बदमाश ने हाथ में खुला असलहा लेकर पूरी घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। कई माल और दुकानों के व्यस्त बाजार में हुई इस वारदात से लोग सहम गए। गोली से घायल तीन लोगों को ट्रामा सेंटर भेजा गया।
घटना को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों को रोकने का प्रयास कर रहे राहगीर के पैर में भी गोली लगी है। घायल बहादुर का ट्रामा सेंटर में उपचार किया जा रहा है। बहादुर ने घटना के बारे में बताते हुए कहा कि फायरिंग के बाद बदमाशों के भागने पर लोगों के द्वारा पकड़ो पकड़ो की आवाज सुनकर मैं हाथ में असलहा लिए बदमाशों को मोटरसाइकिल से टक्कर मार कर रोकने का प्रयास किया पर मेरे पैर में गोली मार कर वे फरार हो गए।
कैश वैन से कैश लूट कर फरार हो रहे बदमाशों के लूटपाट की यह घटना, गोली चलाने और उनकी तस्वीरें सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है। वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस बदमाशों को पकड़ने के लिए सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह का कहना है कि बदमाश द्वारा लूट की घटना को अंजाम दिया गया है पर कितना कैश बदमाश लेकर भागे हैं अभी यह जांच का विषय है। UP News