UP News : मुरादाबाद में शादी से एक दिन पहले निकाली बेटी की बारात, पेश की समानता की अनोखी मिसाल
UP News: Daughter's procession taken out a day before marriage in Moradabad, unique example of equality presented
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:16 AM
UP News : समाज में अक्सर बेटियों के बेटों के बराबर होने की बात की जाती है और इसे सही साबित करने के लिए शिक्षा एवं रोजगार जैसे क्षेत्रों में लड़कियों को समान अवसर भी दिए जाते हैं। लेकिन मुरादाबाद में इस समानता को सिद्ध करता हुआ एक नया ही वाकया देखने को मिला जिसमें एक पिता ने अपनी बेटी की शादी से ठीक एक दिन पहले उसकी गाजे-बाजे के साथ बारात निकाली। इतना ही नहीं वे इस बारात में बग्घी पर बैठी अपनी बेटी के साथ नाचते हुए भी नजर आये। आइये विस्तृत रूप से जानते हैं इस खबर को....
UP News :
मुरादाबाद के राम गंगा विहार में हिमगिरी कालोनी के रहने वाले राजेश शर्मा ने बाकायदा घोड़ी, ढ़ोल - नगाड़े आदि के साथ अपनी बेटी श्वेता भारद्वाज की बारात निकाली। वे इसमें काफ़ी उत्साहित नजर आये। बताते चलें कि राजेश शर्मा ब्राह्मण महासभा के प्रदेश महामंत्री के पद पर भी नियुक्त हैं और वे हमेशा महिलाओं के समानता के अधिकारों की बात करते हैं। उनका कहना है कि वे कभी भी अपनी बेटी को किसी बेटे से कम नहीं समझते हैं।
इस दौरान उनकी बेटी भी एक दूल्हे के लिबास में नजर आयीं जिन्होंने कोट सूट पहना हुआ था तथा साथ में पगड़ी भी लगाई हुई थी। पिता के साथ-साथ उनकी बेटी के चेहरे पर भी चमक साफ़ देखी जा सकती है। राजेश शर्मा ने बताया कि उनके इस काम में कालोनी के लोगों ने उनका पूरा सहयोग किया और वे इस तरह का एक नया काम करके काफ़ी खुशी महसूस कर रहे हैं।
पिता ने बातचीत में बताया कि जब उनके घर में श्वेता का जन्म हुआ तो अन्य घरों की भांति ही उनके यहां भी कोई ख़ास ख़ुशी नहीं मनाई गयी लेकिन वे हमेशा चाहते थे कि उनकी बेटी भी बेटे की तरह हर क्षेत्र में आगे बढ़ सके। इसलिए उन्होंने श्वेता को फैशन डिज़ाइनिंग की पढ़ाई करवाई और उनके जन्मदिन के दिन ही उनका विवाह करवाया। इस बारात की चर्चा पूरे शहर भर में तो हो ही रही है, साथ -साथ बारात का यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी धूम मचा रहा है। लोग इसे महिला समानता एवं सशक्तिकरण के सटीक उदाहरण के तौर पर देख रहे हैं।