UP News : नाले में मिला पीएसी जवान का शव, अलीगढ़ बटालियन में था तैनात
UP News: Dead body of PAC jawan found in drain, was posted in Aligarh battalion
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 12:06 PM
UP News : औरैया। आज अलीगढ़ 45 बटालियन में तैनात जवान का शव औरैया जिले में अछल्दा थाना क्षेत्र के मुहम्मदाबाद के पास नाले में पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कर परिजनों को जानकारी दी। सिपाही शुक्रवार शाम को छुट्टी लेकर घर आ रहा था। मोहम्मदाबाद गासीपुर निवासी अतुल यादव (26) पुत्र श्रीकृष्ण यादव पीएसी में सिपाही था।
पुलिस के अनुसार वह शुक्रवार शाम छुट्टी लेकर बाइक से घर आ रहा था। वापस आते समय उसने पत्नी को फोनकर भरथना के भुलाईपुर दोस्त के घर जाने की बात कही थी। देर रात तक घर न पहुंचने और फोन से संपर्क न होने पर परिजन परेशान थे। शनिवार को मोहम्मदाबाद नाले में उसका शव पड़ा मिला। उसकी बाइक भी नाले में ही पड़ी थी। पुलिस ने परिवार को घटना की जानकारी दी, इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि शाम को ही बात हुई थी उसके बाद कोई फोन नहीं आया। परिजनों ने शक जताया है कि किसी ने रास्ते में जवान से लूटपाट कर उसे मार दिया और दुर्घटना दिखाने के लिए नाले में फेक दिया।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच की जा रही है।