यूपी में 5 वर्ल्ड-क्लास स्मार्ट सिटी बनाने का सपना होगा साकार
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 11:08 AM
UP News : उत्तर प्रदेश में अगले 22 वर्षों में शहरी परिदृश्य पूरी तरह बदलने जा रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत @2047 विजन को मूर्त रूप देने की दिशा में उत्तर प्रदेश में पांच वर्ल्ड-क्लास स्मार्ट सिटी विकसित करने का लक्ष्य रखा है।
शहरी विकास का असली मकसद नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना
योगी सरकार का फोकस केवल इमारतों या ढांचे तक सीमित नहीं है। मुख्यमंत्री के अनुसार, शहरी विकास का असली मकसद नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। प्रदेश में 117 नए शहरी निकाय बनाए गए और 123 का विस्तार किया गया, जिससे योजनाबद्ध विकास की नींव मजबूत हुई।
विकसित शहर में सभी आधुनिक सुविधाएं होंगी
योजना के तहत हर जिले में हवाई संपर्क सुनिश्चित किया जाएगा, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाए जाएंगे, और नागरिकों को 24 घंटे बिजली, स्वच्छ पेयजल, पक्के मकान, आधुनिक सार्वजनिक परिवहन, मेट्रो और लाइट मेट्रो जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सिर्फ बुनियादी ढांचे तक ही सीमित नहीं, सीवर और अपशिष्ट प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। वैज्ञानिक आधार पर विकसित सिस्टम गंदे पानी का प्रभावी निस्तारण करेगा, जिससे शहर स्वच्छ और प्रदूषण-मुक्त बने रहेंगे और नागरिकों का स्वास्थ्य सुरक्षित रहेगा।
योगी के नेतृत्व में शहरी विकास को नई दिशा मिली
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शहरी विकास को नई दिशा मिली है। लखनऊ और आसपास के पांच जिलों को मिलाकर राज्य राजधानी क्षेत्र का गठन किया गया, जबकि 100 आकांक्षात्मक शहरों को योजनाबद्ध विकास में शामिल किया गया। पूर्वांचल और बुंदेलखंड जैसे पिछड़े क्षेत्रों पर विशेष ध्यान के साथ 2,534 किलोमीटर सड़कों और 342 किलोमीटर नालियों का निर्माण भी किया गया। योगी सरकार का लक्ष्य है कि 2047 तक उत्तर प्रदेश न केवल देश का लॉजिस्टिक और एविएशन पावर सेंटर बने, बल्कि विश्वस्तरीय शहरी विकास का आदर्श मॉडल भी पेश करे। UP News :