उत्तर प्रदेश की जेल में पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति पर हमला, कई टांके लगे
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 05:01 AM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 05:01 AM
समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री और विधायक गायत्री प्रसाद प्रजापति पर उत्तर प्रदेश की लखनऊ जेल के अंदर जानलेवा हमला हुआ है। उत्तर प्रदेश की लखनऊ जेल में बंद एक अन्य कैदी ने उन पर कैंची से वार कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। आनन-फानन में जेलकर्मियों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनके सिर पर 10 से अधिक टांके लगाए गए। डॉक्टरों ने फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। UP News :
सपा ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
इस हमले के बाद समाजवादी पार्टी ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट कर चिंता जताते हुए लिखा कि "जेल में बंद पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति पर हमले की खबर बेहद चिंताजनक है। जेल प्रशासन पूर्व मंत्री को उचित इलाज उपलब्ध कराए।"
जेल प्रशासन ने दी सफाई
घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और मामले की जांच शुरू हो चुकी है। जेल प्रशासन का कहना है कि गायत्री प्रजापति जिला कारागार के जेल अस्पताल में भर्ती थे, जहां सफाई ड्यूटी पर लगे एक बंदी के साथ उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर उस बंदी ने अलमारी का स्लाइडिंग हिस्सा उठाकर प्रजापति पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोट आई। जेल प्रशासन का दावा है कि उन्हें तुरंत उपचार दिया गया और अब वे पूरी तरह स्वस्थ हैं।
सजा और सियासी सफर
गौरतलब है कि गायत्री प्रसाद प्रजापति 2017 से जेल में बंद हैं। 2021 में उन्हें गैंगरेप केस में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। कई बार उन्होंने जमानत के लिए अर्जी डाली, लेकिन हर बार अदालत ने उनकी याचिका खारिज कर दी। राजनीतिक पृष्ठभूमि की बात करें तो सपा सरकार में गायत्री प्रजापति का नाम कद्दावर मंत्रियों में शुमार होता था। 2012 में अमेठी से चुनाव जीतकर वे विधानसभा पहुंचे थे। 2017 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन 2022 में उनकी पत्नी महराजी देवी ने उसी सीट से बीजेपी प्रत्याशी को हराकर विधायक पद हासिल किया। UP News