सपा के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी 34 महीने बाद जेल से रिहा, समर्थकों ने किया भावपूर्ण स्वागत
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 07:44 PM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 07:44 PM
समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी मंगलवार को 34 महीने बाद जेल से बाहर आए। चार दिन पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गैंगस्टर एक्ट मामले में सपा के पूर्व विधायक सोलंकी को जमानत दी थी, जिसके बाद आज उनकी रिहाई हुई। सुबह से ही इरफान की पत्नी और मौजूदा विधायक नसीम सोलंकी, दोनों बेटे और सास खुर्शिदा बेगम महराजगंज जेल पहुंचे। सुरक्षा कारणों से बेटों को जेल के अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली, लेकिन नसीम अकेले जेल के अंदर पहुंचीं और पति से मुलाकात की। UP News :
जेल से बाहर आते ही इरफान का समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत
जेल से बाहर आते ही इरफान का समर्थकों ने भी स्वागत किया, हालांकि नसीम सोलंकी ने सभी से भीड़ न लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इरफान अब अपने परिवार के साथ समय बिताएंगे और जल्द ही सामान्य जीवन शुरू करेंगे। परिवार ने उनके लिए कपड़े और जरूरी सामान भी जेल में भिजवाए।
रिहाई से पहले ईडी ने की पूछताछ
सुबह करीब 10 बजे ही रिहाई का आदेश जेल तक पहुंच गया था, लेकिन मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उनसे पूछताछ की, जिसके कारण रिहाई में थोड़ी देर हुई। जेल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही और 20 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में चार दिन पहले ही इरफान को जमानत दी थी। यह उनका आखिरी लंबित मामला था। दस्तावेजी प्रक्रिया के कारण उनकी रिहाई तीन दिन तक टली रही।
इरफान सोलंकी 2 दिसंबर 2022 से जेल में बंद थे, और उनके खिलाफ कुल 10 मामले दर्ज हैं। पिछले साल जून में कानपुर में महिला के प्लॉट पर आगजनी के मामले में उन्हें सात साल की सजा सुनाई गई थी, जिसके चलते उनकी विधायकी भी चली गई। बाद में हुए उपचुनाव में उनकी पत्नी नसीम सोलंकी ने जीत दर्ज कर सपा का किला संभाला। UP News