
UP News : देश और प्रदेश में बेरोजगारी इस कदर बढ़ गई है कि इसी बेरोजगारी का फायदा उठाकर शातिर ठगों द्वारा युवाओं को अपना निशाना बनाया जा रहा है। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद से आया है। जहां पर एक शातिर ठग ने एक युवा को उत्तर प्रदेश सरकार में विकास अधिकारी बनवाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
मामला बांदा जनपद की नरैनी कोतवाली क्षेत्र का है। यहां के रहने वाले आवेश खान ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसके एक रिश्तेदार अब्दुल हाफिज ने उसे विकास अधिकारी के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर 5 लाख रुपये की मांग की। रिश्तेदार होने के नाते विश्वास कर आवेश खान ने ढाई ढाई लाख रुपये करके दो बार में पांच लाख रुपये दे दिए।
आरोप है कि पैसे लेने के बाद भी उसे सरकारी नौकरी नहीं मिली। ज्यादा दबाव डालने पर आरोपी ने प्राइवेट आउटसोर्सिंग के माध्यम से विकास अधिकारी का ज्वायनिंग लेटर दिया। पीड़ित ने जब सरकारी नौकरी दिलाने की बात कही तो उसने धमकी देनी शुरू कर दी। कहा कि नौकरी करनी हो तो करो वरना जान से मार दूंगा और पैसा भी नहीं वापस करूंगा।
इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। उसने बताया कि रिश्तेदार ने उससे कहा था, 'मेरी लखनऊ में अच्छी पकड़ है, 5 लाख रुपये दो तो मैं तुम्हे विकास अधिकारी बनवा दूंगा'। पैसे देने के बाद उसने नौकरी नहीं लगवाई और न ही अब पैसे लौटा रहा है। उल्टा जान से मारने की धमकी दे रहा है।
कोतवाली नरैनी के प्रभारी अरविंद सिंह गौर ने बताया कि कस्बे के रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने रिश्तेदार के खिलाफ शिकायत की है। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।