उत्तर प्रदेश में वेस्ट क्रॉप कंपनी मेें गैस रिसाव, सड़कों पर धुआं फैला, लोगों में अफरा-तफरी
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 05:13 AM
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले की औद्योगिक नगरी गजरौला सोमवार रात गैस रिसाव की भयावह घटना से दहशत में आ गई। वेस्ट क्रॉप प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के अंदर अचानक गैस लीक होते ही देखते-ही-देखते पूरे इलाके की सड़कों पर धुआं फैल गया। हालात यह रहे कि लोगों को सांस लेने में तकलीफ, आंखों और गले में जलन शुरू हो गई। धुआं गहराने के बाद आसपास के लोग अपने घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आनन-फानन में मौके पर पहुंची दमकल टीम गैस रिसाव पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। UP News :
शहर में मचा हड़कंप
सोमवार शाम कंपनी की शिफ्ट में काम कर रहे अधिकारी और कर्मचारी सबसे पहले गैस रिसाव से घबराकर बाहर निकले। शुरुआती कोशिशों के बावजूद कंपनी की अपनी फायर टीम रिसाव रोकने में नाकाम रही। इसके बाद धीरे-धीरे गजरौला की गलियों और सड़कों पर गैस का धुआं छा गया। कई वाहन चालक अचानक धुआं देखकर सड़कों पर ही रुक गए।
लोगों का आक्रोश, प्रशासन सतर्क
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। कई लोगों ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन समय रहते इस पर रोक लगाने में विफल रहा। खास बात यह है कि एक माह पहले भी इसी कंपनी से हल्की मात्रा में गैस लीक हुई थी, तब समय रहते हालात काबू में ले लिए गए थे। फिलहाल पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। दमकल विभाग की टीमें गैस का रिसाव रोकने में जुटी हैं। कंपनी के आसपास रह रहे लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई लोग कपड़े से मुंह और नाक ढककर घरों से बाहर निकल आए। गले और आंखों में जलन की शिकायतें सामने आ रही हैं। हालांकि अब तक किसी गंभीर जनहानि की सूचना नहीं है। UP News