
UP News : उत्तर प्रदेश के जालौन में आशिक मिजाज तीन युवकों को एक गांव में आकर युवतियों से छेड़खानी करना भारी पड़ गया। युवकों की हरकतें देखकर गांववालों ने उन्हें पकड़ लिया और जूते चप्पलों से पिटाई जमकर पिटाई कर दी। युवकों की इस पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इस मारपीट के वायरल वीडियो पर पुलिस ने संज्ञान लिया है।
पूरा मामला जालौन जनपद के नदीगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महेशपुरा गांव का है। बताया जाता हैकि गांव में तीन युवकों ने एक युवती से छेड़छाड की थी। युवती के चिल्लाने पर गांव वाले एकत्रित हो गए और छेड़छाड़ कर रहे युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद गांव वालों ने तीनों युवकों की जूते चप्पलों से पिटाई करना शुरू कर दिया। कुछ ग्रामीणों ने इन युवकों की लात घूंसों से भी पिटाई की।
बताया जाता है कि इन युवकों की शिकायत गांव की लड़कियों ने गांववालों से पहले भी की थी। जिसके बाद गांव के लोग कई दिनों से इन्हें पकड़ने के फिराक में थे। बुधवार की देर शाम को आरोपी युवक फिर से गांव में आकर युवतियों को परेशान करने लगे, जैसे ही इसकी जानकारी गांववालों को लगी, उन्होंने इन आशिक मिजाज शौहदों को गांव के बाहर से पकड़ लिया।
जब गांववालों ने इन युवकों की पिटाई की तो लड़कों ने उन्हें छोड़ने की गुहार लगाई। लेकिन गांव वाले इन्हें सबक सिखाने के मूड में थे। युवकों की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गांववालों ने बताया कि ये सभी युवक बाहर के थे और स्कूल कॉलेज जाने वाली छात्राओं को परेशान करते थे।
नदीगांव थाना प्रभारी निरीक्षक उमाकांत ओझा ने मामले की जांच शुरू कर दी। उनका कहना है कि थाने में कोई भी व्यक्ति शिकायत लेकर नहीं आया है फिर भी वह इस मामले की जांच कर रहे हैं। UP News