सरकारी अस्पताल बेहाल, निजी अस्पताल मालामाल! अलीगढ़ में गरमाया विधायक-CMO विवाद
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 02:48 PM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 02:48 PM
UP News : उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी के बीच तनातनी सामने आई है। शहर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक मुक्ता राजा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर CMO डॉ. नीरज त्यागी पर भ्रष्टाचार और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने मांग की है कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने के लिए CMO का तत्काल स्थानांतरण किया जाए।
क्या लिखा है विधायक ने CM को?
BJP विधायक ने अपने पत्र में आरोप लगाया कि CMO जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुधार के बजाय निजी अस्पतालों को फायदा पहुंचाने में लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों के बाहर सक्रिय दलालों के माध्यम से मरीजों को निजी अस्पतालों में भेजा जा रहा है, जहां इलाज महंगा होता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इन दलालों पर CMO कोई कार्रवाई नहीं करते, जिससे यह शक होता है कि ये सब कुछ उनकी शह पर हो रहा है।
सरकारी सेवाएं बदहाल?
विधायक ने आरोप लगाया कि CMO सरकारी अस्पतालों को बेहतर बनाने के बजाय निजी अस्पतालों के हित साधने में जुटे हैं। “अवैध रूप से चल रहे निजी अस्पतालों के संचालक CMO को मोटा कमीशन देते हैं,” पत्र में लिखा गया है। मुक्ता राजा ने यह भी बताया कि डॉ. त्यागी को अलीगढ़ में कई साल हो चुके हैं, और उनकी कार्यप्रणाली से आम जनता अच्छी तरह वाकिफ है।
CMO का जवाब
जब मीडिया ने CMO डॉ. नीरज त्यागी से इन आरोपों पर प्रतिक्रिया मांगी, तो उन्होंने कहा कि “शासन के निर्देशों के तहत प्राथमिकता के आधार पर जनहित में कार्य किए जा रहे हैं। जांच होनी चाहिए, मैंने कोई गलत कार्य नहीं किया।” गौरतलब है कि इससे पहले कानपुर में भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जब स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने वहां के CMO पर आरोप लगाए थे। बाद में उनका तबादला कर दिया गया। अब अलीगढ़ में भी ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। UP News