चार्जशीट के बदले आधा लीटर दूध! यूपी के इस शहर में दारोगा की डिमांड का आडियो वायरल, महकमे में हड़कंप
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
31 Aug 2025 05:54 PM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
31 Aug 2025 05:54 PM
यूपी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यूपी में कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में तैनात दारोगा पर आरोप है कि उन्होंने मारपीट के एक मामले में चार्जशीट लगाने के लिए न सिर्फ डेढ़ हजार रुपये लिए, बल्कि आधा लीटर दूध तक की डिमांड कर डाली। इस कथित बातचीत का आॅडियो वायरल होते ही यूपी के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। UP News :
दारोगा का आडियो बना सुर्खियों का सबब
वायरल आॅडियो में दारोगा राधाकांत शुक्ला कथित तौर पर पीड़ित से कहते सुने जा रहे हैं कि "बहनोई के साथ 10 मिनट को चले आना... दूध रखा हो तो आधा लीटर लेते आना।" इसके अलावा वह यह भी कहते पाए गए कि फाइल जब सीओ के पास जाती है तो वहां बेशर्मी से मुस्कुराना पड़ता है। साथ ही, पीड़ित से डेढ़ हजार रुपये की मांग भी की गई।
पीड़ित की शिकायत, जांच शुरू
यह मामला सजेती थाना क्षेत्र के कोहरा गांव का बताया जा रहा है। यहां 9 अगस्त को दर्ज एफआईआर में पीड़िता सुमिला देवी ने आरोप लगाया था कि उसके परिवार पर लाठी-डंडों से हमला किया गया और दामाद की कार से जेवरात से भरा बैग भी छीन लिया गया। पीड़िता का आरोप है कि दारोगा चार्जशीट लगाने के नाम पर डिमांड कर रहे थे। आॅडियो वायरल होने के बाद संबंधित पुलिस अफसरों तक मामला पहुंचा और अब इसकी जांच शुरू कर दी गई है।
इस घटना ने एक बार फिर यूपी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक ओर सरकार और पुलिस विभाग ईमानदारी और पारदर्शिता की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर निचले स्तर पर ऐसे कारनामे वर्दी की साख पर धब्बा बन रहे हैं। UP News