
UP News : यूपी के रामपुर में एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां टीवी सीरियल देख रही पत्नी पर पति को इतना गुस्सा आ गया कि उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकालकर उसे गोली मार दी। गोली पत्नी के हाथ में लगी, जिससे वो बुरी तरह घायल हो गई। आनन फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
ये घटना रामपुर के स्वार थाना क्षेत्र के समोदिया गांव की है, जहां देर शाम शराबी पति ने अपनी पत्नी को अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी जिसके बाद आरोपी पति फरार हो गया। आनन-फानन में परिजनों ने महिला को सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। गोली महिला के दाएं हाथ में लगी है, जिससे उसके हाथ में फ्रैक्चर आ गया है. डॉक्टरों का कहना है कि अब उसकी हालत स्थिर है।
अपर पुलिस अधीक्षक संसार सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि थाना स्वार में समोदिया गांव पड़ता है। वहां रहने वाले श्यामलाल अपने घर पर आया था, पत्नी घर पर ही थी और टीवी सीरियल देख रही थी। श्यामलाल ने पत्नी से सीरियल देखना बंद करने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों पति-पत्नी में विवाद शुरू हो गया। इस झगड़े में पति को इतना गुस्सा आ गया कि उसने अपने लाइसेंसी बंदूक निकाल पत्नी को गोली मार दी। गोली पत्नी के दाएं हाथ में लगी है जिससे उसके हाथ में फ्रैक्चर आ गया है।
इस मामले में महिला के बेटे की तरफ से थाना स्वार में तहरीर दी गई है। आरोपी के खिलाफ धारा 307 के तहत के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति श्यामलाल को बंदूक के साथ गिरफ्तार कर लिया है। महिला की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है। UP News