"पापा एसडीएम हैं तो 50 लाख लाओ!" दहेज की मांग में टूटा रिश्ता, बरेली की बहू को ससुराल से निकाला
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 04:49 AM
UP News : दहेज पर कानून सख्त हैं, लेकिन हकीकत में इसकी मांग अब भी रिश्तों को निगल रही है। उत्तर प्रदेश के बरेली में एक महिला ने अपने ससुराल वालों पर 50 लाख रुपये की दहेज मांगने और प्रताड़ित कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। खास बात यह है कि पीड़िता जिले के एडीएम शिव नारायण की बेटी है, जिसकी शादी प्रेमनगर क्षेत्र निवासी शिव आनंद से 2021 में हुई थी।
"तेरा बाप एसडीएम है, और पैसे भेजे" आरोपों की पूरी कहानी
पीड़िता का कहना है कि शादी के बाद शुरू में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ माह बाद ही ससुर विनोद कुमार, सास राजरानी और ननद लवली ने व्यवहार बदलना शुरू कर दिया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर उस पर 40 से 50 लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाना शुरू किया। कहा गया कि "तेरा बाप एसडीएम है, उसके पास बहुत पैसा है, जाकर बोलो और रकम मंगवाओ।" दीक्षा जब इस मांग का विरोध करती, तो उसे ताने, गालियाँ और मानसिक उत्पीड़न झेलना पड़ता। आरोप यह भी है कि ननद ने लगातार माहौल बिगाड़ा और दीक्षा के खिलाफ घरवालों को भड़काया।
पति बना सहारा, तो परिवार से टकराव और बढ़ा
इस मामले में पीड़िता के पति शिव आनंद ने पत्नी का पक्ष लिया और घरवालों को समझाने की कोशिश की, लेकिन इसके उलट परिवार ने धमकी दी कि अगर उन्होंने पैसे नहीं मंगवाए, तो दोनों को संपत्ति से बेदखल कर दिया जाएगा। हालात इतने बिगड़ गए कि घर में आए दिन झगड़े और तनाव रहने लगा। UP News
27 जून को कपड़ों समेत निकाला घर से बाहर
दीक्षा के मुताबिक, 27 जून को जब उसकी ननद लवली घर आई, तो बात और बिगड़ गई। उसी दिन ससुर, सास और ननद ने मिलकर उसे गालियाँ दीं और कपड़ों समेत घर से बाहर निकाल दिया। दीक्षा ने बताया कि उसका सामान भी जब्त कर लिया गया। डरी-सहमी हालत में वह मायके पहुँची और पिता को सारी बात बताई। UP News
पिता ने रिश्ते बचाने की कोशिश की, जान से मारने की धमकी मिली
अगले दिन, 28 जून को एडीएम शिव नारायण, उनकी पत्नी, बेटी दीक्षा और दामाद एक बार फिर ससुराल पहुँचे ताकि बातचीत से मसले को सुलझाया जा सके। लेकिन दीक्षा के अनुसार, ससुर विनोद कुमार ने पहले गाली दी, फिर चप्पल से मारने दौड़े और बाद में लाइसेंसी बंदूक निकाल कर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने कथित रूप से कहा, "तुझे कोर्ट में भी गोली मार दूंगा।" UP News
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच शुरू
पीड़िता की शिकायत पर प्रेमनगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। ससुर, सास और ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, जान से मारने की धमकी और अभद्रता जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी। UP News