UP News : चर्चित आईएएस अफसर दीपक सिंघल को आयकर विभाग ने घेरा
Deepak Singhal, a famous IAS officer
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 05:10 PM
UP News : लखनऊ । उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में बनी सपा सरकार में चर्चित पूर्व आईएएस अफसर दीपक सिंघल को आयकर विभाग ने घेर लिया है। आयकर विभाग ने उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी दीपक सिंघल को एक कथित कर चोरी मामले में जांच में शामिल होने के लिए तलब किया है। इसके लिए विभाग ने दीपक सिंघल को नोटिस भी भेजा है। सिंघल 1982 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्हें एक हफ्ते के भीतर जांच में शामिल होने को आयकर विभाग ने कहा है।
UP News :
बता दें कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में बनी सपा सरकार में आईएएस अधिकारी दीपक सिंघल को 7 जुलाई वर्ष-2016 में प्रदेश का मुख्य सचिव बनाया गया था, लेकिन 13 सिंतबर 2016 को उन्हें अचानक अखिलेश यादव ने मुख्य सचिव के पद से हटाकर आईएएस अधिकारी राहुल भटनागर को मुख्य सचिव बना दिया था। अब दीपक सिंघल की एक बार फिर मुश्किलें बढ़ गई हैं। आईटी विभाग ने पुराने मामलों में भी जांच शुरू कर दी है जिसमें सिंघल को आरोपी बनाया गया था।
जानकारी के मुताबिक हाल ही में विभाग ने कोलकाता के एक व्यवसायी से पूछताछ की और उससे पूछताछ के दौरान उन्हें सिंघल का लिंक मिला। सिंघल ने कथित तौर पर दिल्ली, आगरा और नोएडा में 50 करोड़ रुपये का निवेश किया था। यह कथित रूप से धन शोधन था जिसे रियल एस्टेट में निवेश किया गया था। आयकर विभाग ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।