लखनऊ में आईआरएस गौरव गर्ग पर हमला, आफिस में ही असिस्टेंट कमिश्नर ने बेरहमी से पीटा
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 06:33 AM
UP News : लखनऊ के हजरतगंज स्थित इनकम टैक्स आफिस में गुरुवार को एक चौंकाने वाली घटना घटी, जब डिप्टी कमिश्नर गौरव गर्ग पर उनके ही सहकर्मी असिस्टेंट कमिश्नर ने हमला कर दिया। सूत्रों के अनुसार, दोनों अधिकारियों के बीच विभागीय विवाद को लेकर पहले बहस हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। असिस्टेंट कमिश्नर ने गौरव गर्ग को आफिस के एक कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
यूपी कैडर की आईपीएस अधिकारी रवीना त्यागी के पति हैं गौरव गर्ग
गौरव गर्ग यूपी कैडर की आईपीएस अधिकारी रवीना त्यागी के पति हैं, जो वर्तमान में लखनऊ में ही तैनात हैं। इस कारण यह मामला और भी संवेदनशील और हाई-प्रोफाइल बन गया है। घटना के बाद हजरतगंज पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, इनकम टैक्स विभाग ने मामले की आंतरिक जांच के आदेश दिए हैं।
विभागीय अनुशासन पर खड़ा हुआ सवाल
यह घटना न केवल विभागीय अनुशासन पर सवाल खड़े करती है, बल्कि सरकारी कार्यालयों में कार्य संस्कृति और आंतरिक संबंधों को लेकर भी चिंता जताती है। विभागीय तनाव और आपसी मनमुटाव के कारण ऐसी घटनाएं कार्यस्थल की गरिमा पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती हैं। जब इतने बड़े ओहदे वालों का यह हाल है तो निम्न स्तर के कर्मचारी से क्या ही उम्मीद की जा सकती है। इस सिलसिले में विभाग को चाहिए कि निष्पक्ष होकर जांच कराई जाए और दोषी को कठोर से कठोर दंड दिया जाए जो औरों के लिए भी सबक हो। UP News