
UP News : उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक प्रेमी जोड़े का मिलन करवाना एक डाक्टर को भारी पड़ गया। लड़की के घरवालों ने न तो लड़की को कुछ कहा और न ही लड़के को। प्रेमी युगल की बजाए लड़की के परिजनों और पब्लिक ने डाक्टर को तालिबानी सजा दे डाली। लोगों ने डाक्टर को बांधकर जमीन पर घसीटा और चप्पलों से जमकर पिटाई की।
मामला झांसी जिले के मऊरानीपुर का है। यहां एक डॉक्टर को रस्सी से बांधकर चप्पलों से पीट-पीटकर घसीटने का मामला सामने आया है। मऊरानीपुर में एक चिकित्सक डॉ. नरेंद्र आर्य झांसी रोड रतोसा तिगैला पर अपना क्लीनिक चलाता है। रविवार को वह मोहल्ला टीला शिवगंज स्थित अपने घर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान कुछ लोग उसके घर में घुस गए और उसके साथ मारपीट कर घसीटते हुए बाहर ले आए। डॉक्टर को लोगों ने पहले तो रस्सी से बांधकर सड़क पर घसीटा और फिर ठेले पर बैठाकर पूरे मोहल्ले में जुलूस निकाला।
लोगों का आरोप है कि डॉक्टर पर अपने घर पर एक-दूसरे से प्रेम करने वाले लड़का-लड़की की मुलाकात करा रहा था। जानकारी होने पर लड़की के परिवारवालों ने गुस्से में आकर डॉक्टर को पकड़कर चप्पलों से पीट दिया। सूचना मिलने पर मऊरानीपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
मऊरानीपुर थानाध्यक्ष तुलसीराम पाण्डेय के अनुसार, एक डॉक्टकर की पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसकी जानकारी होने पर जांच की गई और दो लोगों को नामजद तो अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में कार्रवाई की जा रही है। UP News