
UP News/ कानपुर। साउथ की मूवी 'पुष्पा' में आपने चंदन की तस्करी के लिए दूध की टंकी का इस्तेमाल करते एक्टर अल्लू अर्जुन को देखा होगा। ठीक इसी स्टाइल में चंडीगढ़ से बिहार ट्रक में तरबूज की खेप के नीचे शराब की 250 पेटी रखकर चंडीगढ़ से बिहार तस्करी की जा रही थी। लेकिन यूपी एसटीएफ और कानपुर की कल्याणपुर पुलिस ने छापेमारी कर उसे पकड़ लिया।
कल्याणपुर थाना प्रभारी ने बताया कि एसटीएफ की इनपुट पर पुलिस ने कल्याणपुर जीटी रोड पर संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की। ट्रक में तरबूज भरा था। जिसके नीचे 250 पेटी शराब छिपा कर रखी गई थी। ट्रक चंडीगढ़ से बिहार जा रहा था।
पुलिस ने ट्रक ड्राइवर की पहचान बिहार के रहने वाले रामबाबू के रूप में की है। वहीं, क्लीनर की पहचान अलीगढ़ के गंगीरी निवासी इंद्रपाल के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि उन्हें प्रति चक्कर 50 हजार रुपये शराब सप्लाई का मिलता है। उन्हें अवैध शराब सिंडीकेट से संबंधित कोई जानकारी नहीं है। कल्याणपुर पुलिस ने दोनों को अरेस्ट कर लिया। इसके साथ ही कल्याणपुर थाने में एफआईआर दर्ज की है।
कल्याणपुर थाना प्रभारी देवेंद्र दुबे ने बताया कि बिना मुखबिर के अवैध शराब की खेप को पकड़ना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है। कोई भी देखकर या जांचने के बाद नहीं बता सकता कि जो ट्रक तरबूज से पटा हुआ है। उसके नीचे इतनी बड़ी शराब की खेप की तस्करी की जा रही है।
यह कोई पहला मौका नहीं है जब पुलिस या एसटीएफ की टीम ने शराब तस्करी करते हुए पकड़ा है। लेकिन हर बात की तरह इस बार भी शराब तस्करों तक पुलिस नहीं पहुंच सकी। दोनों कॅरियर को ही अरेस्ट किया है। घंटों की पूछताछ के बाद भी ड्राइवर और उसका साथी शराब तस्करों की कोई जानकारी नहीं दे सके। एसटीएफ इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पूछताछ के आधार पर मिले इनपुट, गाड़ी नंबर और मोबाइल नंबर के आधार पर तस्करों को पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई हैं।