मायावती ने भतीजे आकाश को बनाया मुख्य राष्ट्रीय समन्वयक, चुनाव की भी कमान
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 05:42 AM
UP News : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने एक बार फिर अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी का मुख्य राष्ट्रीय समन्वयक नियुक्त किया है। यह निर्णय रविवार, 18 मई 2025 को दिल्ली में हुई पार्टी की उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया, जिसमें देशभर से वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए थे। इस नई भूमिका में आकाश आनंद पार्टी के तीन राष्ट्रीय समन्वयकों राज्यसभा सांसद रामजी गौतम, रणधीर बेनीवाल और राजाराम के ऊपर होंगे, जो सीधे उन्हें रिपोर्ट करेंगे। इसके अलावा, उन्हें आगामी चुनावों में पार्टी के प्रचार अभियान की कमान भी सौंपी गई है, जिससे बसपा में युवा नेतृत्व को प्रोत्साहन मिलेगा।
अनुशासनहीनता के आरोपों के चलते आकाश पार्टी से थे निष्कासित
गौरतलब है कि मार्च 2025 में मायावती ने अनुशासनहीनता के आरोपों के चलते आकाश आनंद को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। हालांकि, 13 अप्रैल को आकाश ने सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और भविष्य में किसी भी राजनीतिक निर्णय में रिश्तेदारों या सलाहकारों की सलाह न लेने का संकल्प लिया। मायावती ने उनकी माफी स्वीकार करते हुए उन्हें पार्टी में पुन: शामिल किया, लेकिन उस समय कोई पद नहीं सौंपा गया था।
युवा नेतृत्व को सशक्त करने से युवाओं में जोश
अब, मुख्य राष्ट्रीय समन्वयक के रूप में आकाश आनंद की नियुक्ति बसपा में संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावों में प्रभावी रणनीति के संकेत के रूप में देखी जा रही है। मायावती ने उम्मीद जताई है कि आकाश पार्टी और आंदोलन के हित में पूरी निष्ठा और सावधानी से कार्य करेंगे। यह निर्णय बसपा के भीतर युवा नेतृत्व को सशक्त करने और पार्टी की नई दिशा की ओर संकेत करता है। UP News