कानपुर। कानपुरवासियों का मेट्रो रेल के लिए लम्बा इंतजार आज खत्म हो गया। महज दो साल में कानपुर मेट्रो का ट्रॉयल रन आज शुरू हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 नवंबर-2019 को कानपुर मेट्रो रेल परियोजना की शुरूआत की और आज उन्होंने कानपुरवासियों को मेट्रो रेल की सौगाता दी। दिसंबर के अंत तक कानपुरवासी इसमें यात्रा कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह कानपुर पहुंचे। सीएम ने गुरुदेव चौराहे पर बने मेट्रो डिपो का निरीक्षण करने के बाद बटन दबाकर मेट्रो ट्रेन को ट्रायल के लिए रवाना किया।
डिपो परिसर में ही मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि चार से छह सप्ताह में मेट्रो ट्रेन के ट्रॉयल की कार्यवाही पूरी करते हुए पीएम के माध्यम से यहां के नागरिकों को मेट्रो की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें शहर के प्रमुख उद्योगपति, शिक्षण संस्थानों के निदेशक, संचालक, पुलिस और प्रशासन के अफसर, जनप्रतिनिधि और मीडिया के लोग शामिल हुए। यहां सिर्फ 500 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
सुबह 10:40 पर मुख्यमंत्री मेट्रो डिपो पहुंचे। जहां औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, मेट्रो एमडी कुमार केशव ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मुख्य द्वार पर लगे मेट्रो डिपो के माडल को देखो, मेट्रो एमडी ने उन्हें जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कोरोना संकट में यूपीएमआरसी की भूमिका को सराहा।
मेट्रो एमडी कुमार केशव ने सीएम योगी को माडल मेट्रो ट्रेन भेंट में दी। सीएम बोले, तय समय सीमा से पहले आइआइटी से मोतीढील का कार्य पूरा करने के लिए यूपीएमआरसी को बधाई देता हूं। एक से डेढ़ माह में कानपुर के सभी नागरिकों को बेहतरीन और अत्यधुनिक सुविधाओं से लैस मेट्रो की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है और ऐसे मुश्किल समय में तय समय सीमा से पहले पहले फेज का काम पूरा हो चुका है, यह कहते हुए मुझे अत्यधिक प्रसन्नता हो रही है।
पहले फेज में नौ स्टेशन होंगे। लखनऊ, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा जैसी मेट्रो सिटी के साथ ही डेढ़ माह में कानपुर भी जुड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने पूर्व की सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि कानपुर को मेट्रो की सौगात और पहले मिल जानी थी, लेकिन पिछली सरकारों के नकारात्मक और भ्रष्ट रवैये के कारण ऐसा न हो सका। यूपी के चार शहरों में पहले से ही सफलतापूर्वक मेट्रो चल रही है और अब जल्द ही कानपुर भी इससे जुडऩे वाला है। कानपुर प्रदेश में बड़ी और घनी आबादी वाला औद्योगिक नगर है। मेट्रो के चलने से यहां की जनता को काफी राहत मिलेगी और प्रदूषण नियंत्रण में काफी सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने सपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों के भ्रष्ट और लापरवाह रवैया की वजह से कानपुर मेट्रो देरी से शुरू हो पाई। अगले चार से छह हफ्तों में कानपुरवासी अपनी मेट्रो में सफर कर सकेंगे। कानपुर वासियों को अभी से अग्रिम बधाई। मेट्रो के संचालन से कानपुर को न सिर्फ जाम से मुक्ति मिलेगी बल्कि प्रदूषण भी कम होगा।
कानपुर को मेट्रो की सौगात और पहले मिल जानी थी, लेकिन पिछली सरकारों के नकारात्मक और भ्रष्ट रवैये के कारण ऐसा न हो सका।
-योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश