उत्तर प्रदेश के अयोध्या में होगी मस्क परिवार की एंट्री! नई दिल्ली में होगी हाई-लेवल मीटिंग्स
UP News
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 01:06 PM
UP News : टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क (Elon Musk) के पिता एरोल मस्क (Errol Musk) जून महीने में भारत यात्रा पर आ रहे हैं। यह दौरा धार्मिक, सांस्कृतिक और तकनीकी दृष्टिकोण से बेहद खास माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, 4 जून को एरोल मस्क उत्तर प्रदेश के अयोध्या पहुंचकर श्रीरामलला के दर्शन करेंगे। वे उत्तर प्रदेश के अयोध्या के भव्य श्रीराम मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लेंगे।
इस उद्देश्य से करेंगे कई अहम बैठकें
एरोल मस्क की यह यात्रा केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि तकनीकी और व्यावसायिक रूप से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वे भारत में ग्रीन टेक्नोलॉजी और इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई अहम बैठकें करेंगे। बताया जा रहा है कि वे हाल ही में भारत की घरेलू ईवी चार्जिंग और सोलर कंपनी सर्वोटेक पावर सिस्टम्स के ग्लोबल एडवाइजरी बोर्ड में शामिल हुए हैं।
एरोल मस्क रुकेंगे नई दिल्ली में
जानकारी के मुताबिक, भारत आगमन के बाद एलन मस्क (Elon Musk) के पिता एरोल मस्क (Errol Musk) सबसे पहले नई दिल्ली में रुकेंगे, जहां वे वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों, उद्योगपतियों और निवेशकों से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों का मकसद भारत को ग्रीन टेक्नोलॉजी के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए निवेश और सहयोग के नए रास्ते तलाशना है।
एलन मस्क भी कर सकते हैं भारत का दौरा
गौर करने वाली बात यह है कि एरोल मस्क की यात्रा से पहले एलन मस्क खुद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत कर चुके हैं। बातचीत में भारत के साथ तकनीक और नवाचार में साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा हुई थी। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि एलन मस्क इस साल के अंत तक भारत यात्रा पर आ सकते हैं, जो टेस्ला के भारत में आधिकारिक रूप से कदम रखने की दिशा में एक बड़ा संकेत माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टेस्ला मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु जैसे शहरों में अपनी कारों की बिक्री जल्द शुरू कर सकती है। इसके लिए कंपनी ने शोरूम और डिलीवरी से जुड़े पदों के लिए भर्ती भी शुरू कर दी है। UP News