न नौकरी मिली, न वर्दी… फर्जी लेटर लेकर युवक पहुंचा ट्रेनिंग सेंटर, सीधा चला गया जेल
भारत
चेतना मंच
24 Jun 2025 10:48 AM
UP News : उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां रायबरेली निवासी शुभम सिंह फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर के सहारे पुलिस की ट्रेनिंग ज्वाइन करने पहुंच गया लेकिन दस्तावेजों की जांच में सारा झूठ पकड़ा गया। ट्रेनिंग सेंटर पर जब अधिकारियों ने दस्तावेजों का सत्यापन किया तो पाया कि युवक के पास जो नियुक्ति पत्र है वह पूरी तरह फर्जी है।
जैसे ही इस बात की पुष्टि हुई ट्रेनिंग सेंटर के प्रभारी ने कोतवाली नगर थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने तत्काल शुभम को गिरफ्तार किया और उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने जांच की तेज
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) राधेश्याम राय ने बताया कि आरोपी का पुलिस भर्ती प्रक्रिया में कोई चयन नहीं हुआ था। वह सीधे ट्रेनिंग ज्वाइन करने पहुंच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि इस फर्जीवाड़े में कहीं कोई गैंग तो सक्रिय नहीं है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ऐसा ही एक मामला सहारनपुर में भी सामने आया था, जहां एक युवती फर्जी नियुक्ति पत्र के सहारे पुलिस ट्रेनिंग सेंटर पहुंची थी। उसने किसी और के असली लेटर को एडिट कर खुद का बना लिया था।
उम्मीदवार पहुंच रहे ट्रेनिंग सेंटर
बता दें कि हाल ही में उत्तर प्रदेश पुलिस ने सिपाही पदों पर 62,000 से अधिक भर्तियों का रिजल्ट जारी किया है। इसके बाद प्रदेश भर में चयनित अभ्यर्थियों की ज्वाइनिंग प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में उम्मीदवार संबंधित ट्रेनिंग सेंटरों पर पहुंच रहे हैं, लेकिन यह घटना इस पूरी प्रक्रिया पर सवाल भी खड़े कर रही है। UP News