उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे पर हर 100 किमी पर खुलेगी फायर चौकी, मिनटों में राहत उपलब्ध
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 07:54 AM
उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेस-वे पर सफर करने वालों के लिए अब सुरक्षा की नई सुविधा मिलेगी। उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि हर 100 किलोमीटर की दूरी पर फायर टेंडर सहित एक छोटी फायर चौकी स्थापित की जाए, ताकि किसी भी आगजनी या आपात स्थिति में राहत कार्य तुरंत प्रारंभ हो सके। UP News :
अत्याधुनिक उपकरणों से लैस होगी फायर टीम
मुख्यमंत्री ने अग्निशमन विभाग की समीक्षा के दौरान कहा कि प्रत्येक रीजन में स्पेशलाइज्ड यूनिट गठित की जाए, जो केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल दुर्घटनाओं और सुपर हाईराइज बिल्डिंग जैसी परिस्थितियों से निपटने में सक्षम हो। नए निर्देशों के तहत फायर ब्रिगेड को अत्याधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित जनशक्ति से सुसज्जित किया जाएगा।
विभाग में नए पद सृजन
सीएम योगी के आदेश के बाद विभाग में राजपत्रित संवर्ग के 98 और अराजपत्रित संवर्ग के 922 नए पद सृजित किए जाएंगे। इससे जनपद, रीजनल और मुख्यालय स्तर पर फायर सर्विस की कार्यक्षमता बढ़ेगी और आपातकालीन सेवाओं की गति और प्रभावशीलता में सुधार होगा। बैठक में बताया गया कि कुशीनगर, आजमगढ़, श्रावस्ती, कानपुर नगर, अयोध्या, अलीगढ़, मुरादाबाद, चित्रकूट और सोनभद्र एयरपोर्ट पर अग्निशमन सेवाओं की पर्याप्त जनशक्ति पहले ही तैनात की जा चुकी है।
एक्सप्रेस-वे पर त्वरित राहत सुनिश्चित
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि एक्सप्रेस-वे पर बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए गोल्डन आॅवर के भीतर राहत और बचाव कार्य शुरू किया जाएगा। फायर चौकियों की यह व्यवस्था यात्रियों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा को सीधे मजबूत करेगी। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फायर सर्विस विभाग की संरचना ऐसी हो कि यह हर परिस्थिति में त्वरित, कुशल और उत्तरदायी प्रतिक्रिया देने में सक्षम हो। इसके साथ ही, विभाग के पुनर्गठन की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरी की जाएगी, ताकि इसका लाभ शीघ्र जनता तक पहुंच सके। UP News :1 नवंबर से बदल रहे हैं बैंकों के ये नियम, जानिए कैसे होगा आपकी जेब पर असर