उत्तर प्रदेश के इस शहर से देहरादून तक नई रेल लाइन की तैयारी, दिल्ली-दून के बीच सफर होगा दो घंटे कम
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:10 AM
दिल्ली से देहरादून आने-जाने वालों के लिए एक और खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे के बाद अब रेलवे भी यात्रियों को नई सौगात देने की तैयारी में है। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर-देहरादून उत्तराखण्ड के बीच नई रेल लाइन बिछाने का काम जल्द शुरू होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश में इस परियोजना के पूरा होने के बाद दून-सहारनपुर की दूरी मौजूदा 112 किलोमीटर से घटकर मात्र 81 किलोमीटर रह जाएगी। UP News :
समय और दूरी दोनों बचेंगे
नई लाइन शुरू होने के बाद दिल्ली-देहरादून रेल यात्रा में करीब दो घंटे का समय बचेगा। अब तक यात्रियों को सहारनपुर से हरिद्वार होकर देहरादून पहुंचना पड़ता था। लेकिन मोहंड होते हुए सीधे सफर की सुविधा मिल जाएगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह परियोजना टनल आधारित होगी। मोहंड क्षेत्र में सुरंगों का निर्माण किया जाएगा। प्रस्तावित लाइन की लंबाई 104.740 किमी होगी और इस पर ट्रेनें 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेंगी।
लागत और सर्वे
रेलवे के अनुमान के अनुसार, इस परियोजना पर प्रति किलोमीटर करीब 62.05 करोड़ रुपये की लागत आएगी। लगभग 92.600 किमी लंबे इस नए रूट पर रेल लाइन बिछाने में 6500 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसका फाइनल लोकेशन सर्वे अंतिम चरण में है, जिसे मोनार्क सर्वेयर्स एंड इंजीनियरिंग कंसल्टेंट लिमिटेड को सौंपा गया है।
सरकार ने दी हरी झंडी
उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि इस रेल लाइन के बनने से दिल्ली-दून यात्रियों के लिए सफर बेहद सुगम हो जाएगा। राज्य सरकार परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने के लिए रेलवे को हरसंभव सहयोग करेगी। हालांकि, देहरादून-मसूरी रेल लाइन परियोजना को लेकर यात्रियों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। रेलवे की ओर से इस पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। UP News