उत्तर प्रदेश में वसूली करने में कुख्यात दरोगा-कांस्टेबल सस्पेंड, चिलकाना कोतवाल भी लाइन हाजिर
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
15 Sep 2025 03:39 PM
चिलकाना क्षेत्र में अवैध खनन और वाहनों से वसूली के आरोपों ने पुलिस महकमे की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पुलिस की कार्यशैली की पोल खोल दी। इस मामले में पठेड़ चौकी प्रभारी दरोगा संदीप कुमार और कांस्टेबल सहदेव सिंह को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, पूरे प्रकरण की जिम्मेदारी तय करते हुए चिलकाना कोतवाल चंद्रसैन सैनी को भी लाइन हाजिर कर दिया गया है। UP News :
वायरल वीडियो में क्या था?
दो दिन पहले सामने आए वीडियो में चौकी प्रभारी दरोगा संदीप कुमार एक डंपर चालक से कहते दिखे कि आगे कोई रोके तो मेरा नाम बताना, कहना दरोगा जी से बात हो गई है। वीडियो में वे वसूली की रकम गिनते नजर आते हैं, जबकि कांस्टेबल सहदेव सिंह वसूली का हिसाब एक रजिस्टर में दर्ज कर रहे थे। यह वीडियो डंपर चालक ने ही बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
कठोर कार्रवाई
वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी आशीष तिवारी ने मामले की जांच एसपी सिटी व्योम बिंदल को सौंपी। रिपोर्ट मिलने के बाद दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल सस्पेंड कर दिया गया। साथ ही थाना स्तर की जिम्मेदारी तय करते हुए चिलकाना कोतवाल को भी लाइन हाजिर किया गया है। विभागीय जांच अब जारी रहेगी।
खनन माफिया और पुलिस गठजोड़ के आरोप
सहारनपुर में लंबे समय से अवैध खनन और रॉयल्टी चोरी को लेकर आरोप लगते रहे हैं। कहा जाता है कि खनन माफिया और पुलिस की मिलीभगत से खनन सामग्री लदे वाहनों से बाकायदा एंट्री-एग्जिट फीस के नाम पर वसूली होती है। वायरल वीडियो में भी 2500 रुपये प्रति वाहन वसूली की बात सामने आई है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। फिलहाल मामले की गहन जांच चल रही है और उच्चाधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि दोषियों पर आगे और सख्त कार्रवाई हो सकती है। UP News