अब तो पुलिस भी वोट डाल रही है इनका इलाज...रामगोपाल यादव का विवादित बयान
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
23 Nov 2024 04:43 PM
UP News : यूपी की 9 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को वोट डाले गए। ऐसे में आज सुबह 8 बजे से विधानसभा की 9 सीटों पर मतगणना शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश में उपचुनाव (UP By-Election) के दौरान कई जगहों पर भारी बवाल देखने को मिला जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। जिसके बाद सपा एक के बाद एक तीखे शब्दों के तीर चलाते हुए भाजपा, पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों पर बेईमानी का आरोप लगाती रही। ऐसे में आज वो दिन आ ही गया जिसका सबको इंतजार था। दरअसल सुबह 8 बजे से ही वोटों की गिनती जारी कर दी गई है इस दौरान सपा सांसद रामगोपाल यादव का एक विवादित बयान काफी चर्चाओं में बना हुआ है। जिसमें रामगोपाल यादव उत्तर प्रदेश उपचुनाव की तुलना बांग्लादेश की हिंसा से करते हुए नजर आ रहे हैं।
क्या है रामगोपाल यादव का विवादित बयान?
सपा सांसद रामगोपाल यादव ने उत्तर प्रदेश उपचुनाव को लेकर बयान देते हुए कहा कि, हमारे उपचुनाव में जैसी स्थिति देखी गई, वैसी ही स्थिति बांग्लादेश में देखी थी। इसके अलावा उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि, वोट को जान से ज्यादा कीमती समझें। लोकतंत्र में वोट से ज्यादा कीमती कुछ नहीं होता है। कोई आपका वोट छीनने की कोशिश करे तो वोट को जान से ज्यादा कीमती समझकर उसकी रक्षा करें। लोग सारे नियम-कानून तोड़ने लगे हैं। वहीं रामगोपाल ने तंस कसते हुए कहा कि, अब तो पुलिस भी वोट डाल रही है। इनका इलाज खाली जनता कर सकती है। जैसे हमारे उपचुनाव में स्थिति देखी, वैसी ही स्थिति बांग्लादेश में देखी थी। बांग्लादेश में लड़के सड़क पर आ गए थे। हमारे उपचुनाव में लोगों को पुलिस ने वोट नहीं डालने दिया। पुलिसवाले पिस्तौल लिए महिलाओं को धमका रहे थे।
उपचुनाव के दौरान हुआ था जमकर बवाल
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले की मीरापुर सीट पर उपचुनाव में ककरोली गांव में वोटिंग के दौरान जमकर हंगामा हुआ था। हालात इतने बिगड़ गए थे कि गुस्साए लोगों ने पुलिस फोर्स पर भी पथराव कर दिया था। जिसके बाद पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करते हुए माहौल शांत कराना पड़ा था। इस दौरान एक गली में वोट डालने जा रही महिलाओं और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई थी। पुलिस फोर्स के साथ ककरौली थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव शर्मा हाथ में पिस्टल लिए खड़े थे।
इंस्पेक्टर को सम्मानित करने की घोषणा UP News
खबरों की मानें तो ककरोली गांव में वोटिंग के दौरान जिस पुलिस इंस्पेक्टर ने महिलाओं को पिस्तौल दिखाई थी, उसे सम्मानित किया जाएगा। ब्रह्म समर्पित ब्राह्मण महासभा द्वारा इंस्पेक्टर राजीव शर्मा को सम्मानित करने का ऐलान किया गया है। ब्राह्मण महासभा का कहना है कि, राजीव शर्मा ने उग्र भीड़ को रोकने का प्रयास किया। वरना बहुत बड़ी घटना घट सकती थी और महासभा जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर, एसएसपी और थाना अध्यक्ष राजीव शर्मा को सम्मानित करेगी। UP News