
UP News : कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी शुभम द्विवेदी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सामना उस दर्द और क्रोध से हुआ, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। इस हमले ने न सिर्फ एक परिवार को तोड़ा है, बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।
शहीद की पत्नी एशान्या द्विवेदी ने मुख्यमंत्री से रोते हुए कहा : हमारा बदला इतना सख्त हो कि दुश्मन की सात पुश्तें कांप उठें।
यह भावनात्मक अपील उस गुस्से और दर्द का प्रतीक है जो आज हर देशवासी के मन में है।
योगी आदित्यनाथ ने शहीद शुभम के परिवार से मुलाकात की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आतंकवाद का जड़ से सफाया करेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा:
“जिस तरह मां-बहनों के सामने सिंदूर उजाड़ा गया, वह अमानवीय और कायराना कृत्य है। बहुत जल्द देश और दुनिया आतंकियों का अंजाम देखेगी।”
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सीसीएस की बैठक में कड़े फैसले लिए गए हैं।
शहीद के पिता संजय द्विवेदी ने कहा:
“दो टके के आतंकी भारत सरकार को चुनौती देकर चले गए। मेरी बहू से कहा कि मोदी को बता देना, इसलिए तुम्हें नहीं मार रहा हूं।”
उन्होंने अपील की कि सरकार ऐसी कार्रवाई करे कि आतंक का नाम लेने से भी डर लगे। UP News :