UP News : पीएम मोदी ने जनता को समर्पित किया बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे
भारत
चेतना मंच
16 Jul 2022 06:28 PM
UP News : लखनऊ। उत्तर प्रदेश के विकास को नया आयाम देने वाले बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath), उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Deputy Chief Minister Keshav Prasad Maurya) समेत भाजपा के कई नेता मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिस धरती ने अनगिनत शूरवीर पैदा किए, जहां के खून में भारत भक्ति बहती है, जहां के बेटे-बेटियों के पराक्रम और परिश्रम ने हमेशा देश का नाम रोशन किया है, उस बुंदेलखंड की धरती को आज एक्सप्रेस-वे का उपहार देते हुए, उत्तर प्रदेश का सांसद होने के नाते मुझे बहुत खुशी हो रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि मैं दशकों से उत्तर प्रदेश आता जाता रहा हूं, उत्तर प्रदेश के आशीर्वाद से पिछले आठ साल से देश के प्रधान सेवक के रूप में कार्य करने का आप सबने जिम्मा दिया है। लेकिन, मैंने हमेशा देखा कि अगर उत्तर प्रदेश में दो महत्वपूर्ण चीजें जोड़ दी जाएं, तो उत्तर प्रदेश चुनौतियों को चुनौती देने की बहुत बड़ी ताकत के साथ खड़ा हो जाएगा। पहला मुद्दा था यहां की खराब कानून व्यवस्था। पहले यहां क्या हाल था, ये आप जानते हैं। दूसरा, हर प्रकार से खराब कनेक्टिविटी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से चित्रकूट से दिल्ली की दूरी तो 3-4 घंटे कम हुई है, लेकिन इसका लाभ इससे भी कहीं ज्यादा है। ये एक्सप्रेसवे यहां सिर्फ वाहनों को गति नहीं देगा, बल्कि ये पूरे बुंदेलखंड की औद्योगिक प्रगति को गति देगा। उन्होंने कहा कि एक समय था, जब माना जाता था कि यातायात के आधुनिक साधनों पर पहला अधिकार सिर्फ बड़े-बड़े शहरों का ही है। लेकिन, अब सरकार भी बदली है, मिजाज भी बदला है। ये मोदी है, ये योगी है। पुरानी सोच को पीछे छोड़कर, हम एक नए तरीके से आगे बढ़ रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपी नए संकल्पों को लेकर अब तेज गति से दौड़ने के लिए तैयार हो चुका है। यही सबका साथ है, सबका विकास है। कोई पीछे न छूटे, सब मिलकर काम करें, इसी दिशा में डबल इंजन की सरकार लगातार काम कर रही है। यूपी के छोटे-छोटे जिले हवाई सेवा से जुड़ें, इसके लिए भी तेजी से काम किया जा रहा है।