उत्तर प्रदेश में बन रही पूर्वांचल की पहली स्पोर्ट्स सिटी टाउनशिप, 2000 करोड़ की लागत
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 02:44 PM
उत्तर प्रदेश के वाराणसी के गंजारी में पूर्वांचल की पहली स्पोर्ट्स सिटी टाउनशिप बनने जा रही है। उत्तर प्रदेश के वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के अनुसार यह टाउनशिप 150 एकड़ में फैलेगी और इसके निर्माण में करीब 2000 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उत्तर प्रदेश में वीडीए के अपर सचिव गुडाकेश शर्मा ने बताया कि टाउनशिप के डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) पर काम शुरू हो गया है। UP News :
गंजारी में होगा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और मल्टी-फेसिलिटी कॉम्प्लेक्स
इस स्पोर्ट्स सिटी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के अलावा होटल, रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और मल्टी-स्पेशलिटी हॉस्पिटल भी बनाए जाएंगे। स्टेडियम के पास डीह गंजारी, हरपुर और परमपुर गांवों की जमीनों को चिह्नित किया जा रहा है। वीडीए इन तीनों गांवों को मिलाकर कुल 400 एकड़ जमीन अधिग्रहित करेगा।
रिंग रोड और हाईवे से जुड़ाव बनाएगी टाउनशिप
स्पोर्ट्स सिटी टाउनशिप की खासियत इसकी बेहतरीन कनेक्टिविटी होगी। टाउनशिप सीधे रिंग रोड और हाईवे से जुड़ी होगी, जिससे लखनऊ के इकाना या कानपुर के ग्रीनपार्क से यह अलग और विशेष बनेगी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मैच, आईपीएल और रणजी ट्रॉफी के खेल साल में करीब 40-45 दिन ही आयोजित होंगे। बाकी दिनों में स्टेडियम का इस्तेमाल लोकल लीग्स, प्रैक्टिस क्लब और अन्य स्पोर्ट्स एक्टिविटी के लिए किया जाएगा, ताकि इसका पूर्ण व्यावसायिक उपयोग सुनिश्चित हो सके।
गंजारी स्टेडियम का 75 प्रतिशत काम पूरा
450 करोड़ की लागत से बन रहे इस स्टेडियम को पीपीपी मॉडल के तहत तैयार किया जा रहा है। राजा तालाब क्षेत्र में 30.6 एकड़ में बन रहे इस स्टेडियम में काशी की सांस्कृतिक झलक दिखाई देगी। दर्शक दीर्घाओं, फ्लड लाइट के खंभों और अन्य संरचनाओं में त्रिशूल आकार और गंगा घाट की विशेष झलक होगी। वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम के अनुसार स्टेडियम का करीब 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। गंजारी क्रिकेट स्टेडियम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसका शिलान्यास साल 2023 में पीएम मोदी ने किया था। इस अवसर पर क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर और कपिल देव सहित कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी वाराणसी पहुंचे थे। UP News