
UP News : उत्तर प्रदेश के श्रीराम भक्तों के लिए बड़ी खबर है। इस खबर को पढ़ने के बाद रामभक्त खुशी से फूलें नहीं समाएंगे। जैसा कि आप जानते हैं कि अयोध्या में बन रहे श्रीराम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी 2024 को आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम को भव्य और दिव्य बनाने के लिए योगी सरकार द्वारा तैयारी की जा रही है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह में जो भक्त अयोध्या नहीं जा सके, वह भक्त अपने जिले में रहकर ही श्रीराम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा कर सकेंगे।
दरअसल, उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में नवनिर्मित श्रीराम मंदिर का प्राण प्रष्ठिता की तैयारी जोर शोर से की जा रही है। यह आयोजन श्रीराम जन्म भूमि न्यास द्वारा किया जा रहा है। लेकिन प्रदेश की योगी सरकार भी इस आयोजन को और अधिक भव्य और दिव्य बनाने का काम करेगी। इसके लिए यूपी के प्रत्येक जिले में भी कार्यक्रमों का आयोजन होगा। प्रत्येक जिले में चयनित किए गए मंदिरों में रामचरितमानस और हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। यह आयोजन 14 जनवरी से शुरू होंगे और होली पर्व तक राम उत्सव मनाने का क्रम जारी रहेगा। इस दौरान अलग-अलग कार्यक्रम होंगे। इसके लिए पैसा हर जिले में बनी पर्यटन और संस्कृति परिषद देगी। यूपी सरकार के अनुपूरक बजट में इसके लिए 100 करोड़ रुपये दिए हैं।
घोषित बजट में 50 करोड़ रुपये का प्रावधान अयोध्या के संरक्षण एवं विकास योजना के लिए भी दिया गया है। अयोध्या के अंतरराष्ट्रीय रामायण और वैदिक रीसर्च इंस्टीट्यूट के लिए अलग से 25 करोड़ का बजट दिया गया है। अयोध्या और बस्ती की सीमा पर श्रीराम अवतरण कॉरिडोर के लिए प्रतीकात्मक तौर पर 1 लाख रुपये की व्यवस्था की गई है।
आपको यह भी बता दें कि उत्तर प्रदेश में रामलला और अयोध्या को समर्पित उत्सव के अलावा प्रदेशभर के 100 साल पुराने मंदिरों को संरक्षित करने के लिए 6 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। श्रीराम ट्रस्ट ने लोगों से आह्वान किया था कि 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन हर मंदिर में उत्सव मनाएं, परंतु अब योगी सरकार ने हर जिले के चिह्नित मंदिरों में मकर संक्रांति से अनवरत उत्सव मनाने का ऐलान कर दिया है, जिसके लिए योगी सरकार पैसा देगी।