
UP News / बलिया। यूपी के बलिया की एक स्थानीय अदालत ने नाबालिग लड़की से बलात्कार के मामले में एक व्यक्ति को 20 साल कैद की सजा सुनाई है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, जिले के गड़वार थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी ने 25 अगस्त 2019 को पड़ोसी गांव के निवासी राजकुमार यादव के खिलाफ आरोप लगाया था कि उसने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया जिससे उसे एक बेटी भी हुई। बाद में राजकुमार ने शादी करने से इनकार कर दिया।
अपर जिला न्यायाधीश विनोद कुमार की अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद बुधवार को राजकुमार को दोषी ठहराते हुए 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई और एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया।
इसके अलावा चित्रकूट जिले के पहाड़ी क्षेत्र में दलित समुदाय की एक बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पहाड़ी थाने की पुलिस ने बच्ची से दुष्कर्म करने के आरोप में गत सोमवार को मामला दर्ज किया था और इस मामले में अभियुक्त मुन्ना उर्फ प्रदीप कुमार (22) को बुधवार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।