यूपी के इस शहर की सड़कें बदलेंगी रंग-रूप : अब दिखेगा बेंगलुरु जैसा नजारा
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 01:13 AM
उत्तर प्रदेश का मेरठ अब आधुनिक शहरी ढांचे की ओर बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में रैपिड रेल कॉरिडोर के बाद अब शहर की प्रमुख सड़कों की कायापलट शुरू हो चुकी है। उत्तर प्रदेश के सीएम ग्रिड योजना के तहत इन सड़कों को ऐसा रूप दिया जा रहा है, जहां न बिजली के तार ऊपर दिखेंगे और न ही खुले नाले किनारे बहते नजर आएंगे। UP News :
बच्चा पार्क से कमिश्नरी और सर्किट हाउस तक होगा बदलाव
गढ़ रोड के बाद अब बच्चा पार्क से कमिश्नरी चौराहा और कमिश्नरी आवास चौराहा से सर्किट हाउस तक की सड़कें पूरी तरह नए स्वरूप में बनेंगी। शनिवार को महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने दोनों परियोजनाओं का शुभारंभ किया। अधिकारियों का दावा है कि करीब 15 महीने बाद इन सड़कों पर चलते हुए लोगों को बेंगलुरु जैसी आधुनिक सड़कों का अनुभव होगा। भूमिगत बिजली केबल, भूमिगत जल निकासी प्रणाली, पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ, बीच-बीच में पार्किंग स्पॉट और संचार लाइनों के लिए अलग डक्ट तैयार किए जाएंगे। पेयजल लाइन भी व्यवस्थित ढंग से डाली जाएगी।
47 करोड़ की परियोजना, रखरखाव भी ठेकेदार के जिम्मे
कमिश्नरी चौराहा से बच्चा पार्क चौराहा (1.62 किमी) : लगभग 27 करोड़ रुपये की लागत, कार्य मिला जीएस एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड को जिम्मेदारी दी गई। कमिश्नरी आवास चौराहा से सर्किट हाउस (1.02 किमी) : करीब 20 करोड़ रुपये की लागत, जिम्मेदारी सौंपी गई आरसीसी डेवलपर्स को। दोनों परियोजनाओं पर कुल 47 करोड़ रुपये खर्च होंगे। खास बात यह है कि निर्माण के बाद अगले 5 साल तक रखरखाव भी ठेकेदार कंपनियों को करना होगा। निर्माण कार्य के दौरान लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस डायवर्जन की योजना बना रही है। UP News :