यूपी के इस शहर की सड़कें नोएडा-बेंगलुरू को देंगी टक्कर
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 12:44 AM
उत्तर प्रदेश के मेरठ के शहरवासियों को जल्द ही शहर के बीचोंबीच नई और व्यवस्थित सड़कें मिलने वाली हैं। उत्तर प्रदेश में सीएम ग्रिड योजना के तहत निर्माण होने वाली इन सड़कों को नोएडा और बेंगलुरू जैसी आधुनिक सड़कों की तर्ज पर डिजाइन किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के इस शहर में सड़कों के दोनों ओर पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ, पार्किंग की सुविधा और भूमिगत बिजली व नालियों की व्यवस्था शामिल होगी। UP News :
शुभारंभ और योजना का स्वरूप
शनिवार को बच्चा पार्क से कमिश्नरी चौराहा और कमिश्नरी आवास चौराहा से सर्किट हाउस तक सड़क निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर शुभारंभ किया गया। महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने कहा कि यह सड़कें ऐसे डिजाइन की जाएंगी, जहां बिजली के तार या नाले नजर नहीं आएंगे। परियोजना में भूमिगत बिजली केबल, सीवर, जलनिकासी, दूरसंचार डक्ट, पेयजल पाइपलाइन और पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ शामिल हैं। बीच-बीच में पार्किंग की सुविधा के लिए स्थान छोड़ा जाएगा।
निर्माण की अवधि और लागत
बच्चा पार्क से कमिश्नरी चौराहा तक 1.62 किमी लंबी सड़क, लागत 27 करोड़ रुपये, निर्माण कार्य जीएस एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। कमिश्नरी आवास चौराहा से सर्किट हाउस तक 1.02 किमी लंबी सड़क, लागत 20 करोड़ रुपये, निर्माण आरसीसी डेवलपर्स द्वारा किया जाएगा। दोनों परियोजनाओं पर कुल 47 करोड़ रुपये खर्च होंगे। निर्माण कार्य 15 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है। ठेकेदारों को पांच साल तक सड़क का रखरखाव करना होगा।
निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। महापौर और अधिकारियों का मानना है कि सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही ये सड़कें न केवल मेरठ को आधुनिक शहर का रूप देंगी, बल्कि शहर के यातायात और बुनियादी ढांचे में भी सुधार लाएंगी। UP News