
UP News : उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में एक प्रशासनिक अफसर पर एक फरियादी को मुर्गा बनाए जाने के आरोप लगे हैं। बरेली जिले की मीरगंज तहसील के उप जिलाधिकारी (SDM) ने शिकायत लेकर पहुंचे एक शिकायतकर्ता को अपने ही आफिस में मुर्गा दिया है। SDM आफिस के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं।
मामला उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद की मीरगंज तहसील का है। बताया जाता है कि शुक्रवार को उप जिलाधिकारी एसडीएम के पास एक फरियादी अपनी शिकायत लेकर पहुंचा था, लेकिन SDM ने फरियादी को ही मुर्गा बनने का हुक्म सुना दिया। एसडीएम के आफिस में मुर्गा बने फरियादी का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि गांव के ही कुछ लोग श्मशान भूमि संबंधित मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे। मगर, एसडीएम ने गांव के व्यक्ति को मुर्गा बना दिया और उसका प्रार्थना पत्र फेंक दिया। शिकायत पत्र में लिखा है कि गांव में दोनों धर्म के लोग रहते हैं। गांव में कोई श्मशान घाट नहीं है। मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने श्मशान घाट की जमीन को कब्रिस्तान के नाम पर कब्जा कर लिया है। ऐसे में जिला प्रशासन श्मशान घाट के लिए जमीन की व्यवस्था करे। जमीन न होने की वजह से अंतिम संस्कार करने में परेशानी होती है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एसडीएम का बयान भी सामने आया है। मीरगंज तहसील के एसडीएम ने कहा कि, जब मैं अपने चेंबर में कोर्ट से लौटा तब मंडनपुर गांव के पांच-छह लोग आए थे। इसमें से एक आदमी आते ही मेरे सामने मुर्गा बन गया। मैंने उससे बोला कि मुर्गा क्यों बने हुए हो। जो बाकी लोग आए हुए थे उनको बोला कि इसको उठाइए। इतने में ही एक आदमी ने वीडियो बना लिया। जब तक मुझे कुछ पता चलता वो वीडियो बनाकर वहां से निकल गया। उसके बाद मैंने उनकी शिकायत सुनी और निस्तारण करने के लिए लेखपाल को भी बोला। मुर्गा बनाए जाने जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वह बेबुनियाद हैं। UP News