
UP News औरेया। यूपी के औरेया जिले के बिधूना कोतवाली पुलिस स्टेशन में सास बहू के बीच मारपीट का खूब ड्रामा हुआ। शिकायत लेकर आईं दोनों पुलिस स्टेशन में ही एक-दूसरे से भिड़ गईं। मारपीट के दौरान एक-दूसरे के बाल खींचने से लेकर थप्पड़ भी बरसाए। इस दौरान पुलिसकर्मी भी वहां मौजूद थे।
मामला बिधूना कोतवाली का है। यहां पर एक पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। इस विवाद के चलते पत्नी अपने बेटे को मायके लेकर चली गई थी। कुछ दिन बाद उसका पति बेटे को अपने साथ ले आया। इस बात से खफा पत्नी अपनी मां के साथ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंच गई। महिला ने पुलिस वालों को पूरी बात बताई तो पुलिस ने उसके पति को थाने पर बुलाया। पति के साथ महिला की सास भी थाने पहुंच गई। दोनों आमने-सामने हुए और बातों बातों में विवाद इतना बढ़ा कि दोनों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। मारपीट के दौरान एक-दूसरे के बाल खींचने से लेकर थप्पड़ भी बरसाए। पुलिसकर्मियों ने बड़ी मशक्कत से दोनों को एक-दूसरे से अलग कराया।
पुलिस ने दोनों महिलाओं को अलग अलग बैठाया। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ की और दोनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। डिप्टी एसपी महेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि कोतवाली के गेट पर दोनों पक्षों की महिलाओं में मारपीट हो गई। महिला पुलिस द्वारा बड़ी मुश्किल से दोनों को अलग कराया गया। दोनों पक्षों की तहरीर पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही।