UP News : अयोध्या में भगदड़, कई श्रद्धालु अस्पताल में भर्ती
Stampede in Ayodhya, many devotees hospitalized
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 06:33 AM
Ayodhya : अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की नगरी अयोध्या में मंगलवार की रात से शुरू हुई 14 कोसी परिक्रमा के दौरान भगदड़ मच गई। इसमें कई श्रद्धालु बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना आधी रात के बाद हनुमान गुफा नुक्कड़ के पास हुई।
हनुमान गुफा नुक्कड़ पर नियुक्त मजिस्ट्रेट लक्ष्मण प्रसाद ने बताया कि अफरा तफरी के बीच पुलिस को तत्काल सक्रिय किया गया और एंबुलेंस की मदद से बेहोश श्रद्धालुओं को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने बताया कि सांस लेने में दिक्कत और घबराहट की वजह से बुजुर्ग श्रद्धालुओं को कुछ दिक्कत हुई थी, लेकिन जल्दी ही पूरी तरह स्वस्थ होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।
UP News :
इस बीच, 14 कोसी परिक्रमा बिना किसी गतिरोध के बिना आगे बढ़ती रही। परिक्रमा का मुहूर्त तो मध्य रात्रि के बाद 12ः47 बजे से था, लेकिन श्रद्धालु मुहूर्त से घंटों पूर्व पूरे उत्साह के साथ परिक्रमा मार्ग पर आगे बढ़ते रहे। मुहूर्त शुरू होने के बाद तो रामनगरी के 42 कोस की परिधि में तिल तक रखने की जगह नहीं बची। कुछ घंटे तक तो भीड़ के आगे पुलिस भी असहाय दिखी और उसे भीड़ नियंत्रित करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
बुधवार को सूर्योदय के साथ भीड़ के दबाव की चुनौती कुछ कम हुई। इसके बावजूद श्रद्धालुओं का प्रवाह पूर्वान्ह कायम रहा। श्रद्धालुओं में युवाओ,ं बुजुर्ग और महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल रहीं। राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण और दो वर्ष तक कोरोना संकट से मुक्ति के बाद परिक्रमा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। स्थानीय अभिसूचना इकाई ने परिक्रमा में 30 लाख लोगों के शामिल होने का अनुमान व्यक्त किया है। परिक्रमा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किया गया था। 14 कोस की परिधि में तीन दर्जन स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाए गए थे। ताकि परिक्रमा करने वालों को जरूरत के हिसाब से त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
UP News :
व्यवस्था और सुरक्षा को देखते हुए संपूर्ण परिक्रमा मार्ग को पांच सेक्टर में बांटा गया था। मंडलायुक्त नवदीप रिणवा, पुलिस उपमहानिरीक्षक अमरेंद्र कुमार, जिलाधिकारी नितीश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा आदि परिक्रमा क्षेत्र का निरंतर भ्रमण भी करते रहे। स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से भी परिक्रमा मार्ग पर शिविर लगाकर श्रद्धालुओं की सेवा की गई।