
UP News : उत्तर प्रदेश के झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज (Jhansi Medical College) में MBBS इंटर्न और पैरामेडिकल कॉलेज के BSC नर्सिंग के छात्रों के बीच शुक्रवार को जमकर मारपीट हुई। जिसके बाद मेडिकल कॉलेज में बवाल हो गया। घटना से गुस्साए बीएससी नर्सिंग के छात्रों ने प्राचार्य कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंची पुलिस ने बल प्रयोग करके बवाल को शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों के छात्रों को हिरासत में लिया है।
दरअसल, झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस इंटर्न के छात्रों ने दो दिन पहले बीएससी नर्सिंग की एक छात्रा के साथ मारपीट कर दी थी। इस मामले में बीएससी नर्सिंग के छात्रों ने डीएम और एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। मामले की जांच के लिए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एनएस सेंगर ने छह सदस्यीय कमेटी का गठन किया था। शुक्रवार को प्राचार्य ने दोनों पक्षों को अपना पक्ष रखने के लिए अपने कार्यलय में बुलाया था। अपना पक्ष रखने के बाद बीएससी नर्सिंग के छात्र अपने हॉस्टल जा रहे थे, तभी एसबीबीएस इंचर्न के के छात्रों ने उन्हे घेरकर पीटना शुरु कर दिया। पीड़ित छात्रों ने इसकी सूचना अपने साथियों को दी। साथियों के साथ हुई मारपीट से आक्रोशित छात्रों ने प्राचार्य के कार्यालय में तोड़फोड़ शुरु कर दी।
मेडिकल कॉलेज में हंगामे और तोड़फोड़ की सूचना पुलिस को दी गई। हंगामे की सूचना मिलते ही कई थानों को पुलिस फोर्स, पीएससी और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग कर उपद्रव मचा रहे छात्रों को खदेड़ा। इस दौरान पुलिस कुछ छात्रों को हिरासत में लेकर देर रात थाने में ले आई।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एनएस सेंगर ने कहा कि पहले भी सीएमएस छात्रों के झगड़े को सुलझा चुके थे। जब यह मिलने आए तो किसी बात को लेकर इन लोगों के बीच फिर से टकराव हो गया। इसके बाद पैरामेडिकल कॉलेज के छात्रों ने तोड़फोड़ शुरु कर दी। प्राचार्य डॉ. सेंगर ने कहा कि हमने एक कमेटी बना दी है। हम लोग हर हॉस्टल में जाएंगे और देखेंगे कि विवाद का क्या कारण था। जिन लोगों ने तोड़फोड़ करके कानून तोड़ा है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होने बताया कि पिछले एक महीने के अंदर 70 लोगों को दंडित किया जा चुका हैं।
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार ने कहा कि पैरामेडिकल छात्रों के बीच विवाद हुआ था। जिसके बाद एक पक्ष के कुछ छात्रों ने प्रिंसिपल के कमरे के सामने तोड़फोड़ की है। सूचना मिलने के बाद पर्याप्त पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अब स्थिति काबू में है। उन्होने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। मेडिकल कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।