UP News : टीचर की अनूठी पहल, गाय के गोबर से बना रही आभूषण
Teacher's unique initiative, making jewelery from cow dung
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 10:32 AM
शाहजहांपुर (उप्र)। आमतौर पर ईंधन में इस्तेमाल होने वाले गाय के गोबर से धूपबत्ती, हवन सामग्री आदि का निर्माण के बारे में तो आप ने सुना ही होगा। लेकिन, यहां की एक शिक्षिका गाय के गोबर से आभूषण, नेम प्लेट और अन्य सैकड़ों चीजें बनाती है, जो लोगों के बीच खासा लोकप्रिय हो रहे हैं।
UP News
विश्वविद्यालय 100 प्रोफेसरों को किया प्रशिक्षित
तिलहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत प्राथमिक पाठशाला की अध्यापिका पूजा गंगवार खाली समय का उपयोग गाय के गोबर से आभूषण और अन्य चीजें बनाने में करती हैं। वह लोगों को इसका प्रशिक्षण भी देती हैं। पूजा गंगवार ने बताया कि बेकार समझकर सड़कों पर छोड़ी जा रही देशी गाय को संरक्षण देने और रोजगार के अवसर पैदा करने के उद्देश्य से मैंने यह कार्य शुरू किया। अब दूर दराज से लोग हमारे उत्पाद देखने और प्रशिक्षण लेने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने अयोध्या के आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के 100 प्रोफेसर और सैकड़ों छात्र-छात्राओं को भी गाय के गोबर से उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण दिया है। हमारे उत्पादों की अमेजॉन, फ्लिपकार्ट जैसी साइट पर इतनी भारी मांग है कि हम आपूर्ति नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि हम जो वस्तुएं बनाते हैं उनमें अगरबत्ती, हवन सामग्री, वॉल हैंगिंग, नेमप्लेट, ट्राफियां शामिल हैं।
डीएम ने की सराहना
शाहजहांपुर के जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने कहा कि पूजा गंगवार की पहल बहुत सराहनीय है। हमने अपने जिले में हर प्रधान को दस-दस देशी गाय पालने के लिए प्रोत्साहित किया है। पूजा की यह मुहिम गौ संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उत्कृष्ट उदाहरण है।
स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है गोबर से बने उत्पाद
राजकीय मेडिकल कॉलेज के सहायक प्रोफेसर डॉ. सलीम अहमद के मुताबिक गाय के गोबर से बने उत्पाद सूखने के बाद अगर घर में रखे जाएं तो यह स्वास्थ्य की दृष्टि से कोई बुरा प्रभाव नहीं डालते हैं। इसमें औषधीय गुण होने के कारण यह स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है।
UP News
अब कार्यशाला आयोजित करने की तैयारी
जिला उद्योग केंद्र के सहायक महाप्रबंधक अरुण कुमार पांडे ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर वह जल्द ही गाय के गोबर से उत्पाद निर्माण के संबंध में एक कार्यशाला आयोजित करेंगे। उन्होंने कह कि गोबर से बने उत्पादों पर जल्द कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जहां पूजा गंगवार लोगों को प्रशिक्षण देंगी।
एसपी के घर लगी गाय के गोबर से बनी नेम प्लेट
शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक एस आनंद की पत्नी देवी आनंद ने गोबर से बने उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए अपने पति के नाम की गोबर से बनी नेम प्लेट अपने घर पर लगा रखी है। इसके अलावा, गोबर से बनी धूपबत्ती, हवन टिक्की और हैंगिंग वॉल का भी वह उपयोग करती हैं। पूजा गंगवार ने स्वयं 50 देशी गायें पाल रखी हैं। इन्हीं गायों के गोबर से ये उत्पाद बनाए जाते हैं। इस काम में करीब एक दर्जन लोग कार्यरत हैं। उन्हें प्रत्येक वस्तु के हिसाब से भुगतान किया जाता है।
उत्तर प्रदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।