UP News : चलती ट्रेन में अज्ञात व्यक्ति के हमले में घायल आरक्षी हार गया जिंदगी की जंग
SP and other officers paid tribute in Ghazipur Police Line
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 02:25 PM
UP News : गाजीपुर। चलती ट्रेन में अज्ञात व्यक्ति के हमले में गंभीर रूप से जख्मी आरक्षी राकेश कुमार चौधरी आठ दिनों तक संघर्ष के बाद आखिर जिंदगी की जंग हार गए। उनकी मौत पर पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे समेत जिले के सभी पुलिस अफसर और कर्मचारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस लाइन में गुरुवार उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
एसपी रोहन पी बोत्रे ने बताया कि गाजीपुर जिले के मोहम्मदाबाद विधानसभा से विधायक सुहैब अंसारी की सुरक्षा के लिए आरक्षी 26 वर्षीय राकेश कुमार चौधरी को तैनात किया था। विधायक को रिसीव करने के लिए आरक्षी राकेश कुमार को लखनऊ पहुंचना था। वह 25 अक्टूबर को वाराणसी से श्रमजीवी ट्रेन से लखनऊ के लिए रवाना हुए। ट्रेन में वह दिव्यांग बोगी में सफर कर रहे थे। उसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उनका सरकारी कारबाइन लेकर फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि यह घटना 25 अक्टूबर की शाम करीब साढ़ छह बजे सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन से कुछ पहले आउटर में हुई थी। आरक्षी वर्दी में शस्त्र के साथ था। घायल आरक्षी को पहले सुल्तानपुर के जिला चिकित्सालय में दाखिल कराया गया। लेकिन, उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि आठ दिनों तक संघर्ष के बाद आखिर राकेश कुमार जिंदगी की जंग हार गए। दो नवंबर को लखनऊ में डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसपी रोहन पी बोत्रे ने बताया कि मृतक आरक्षी 26 वर्षीय राकेश कुमार चौधरी प्रयागराज जिले के नाहरपुर गांव के रहने वाले थे। वह अपनी ड्यूटी के प्रति संवेदनशील एवं समर्पित थे। पुलिस बल दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना करता है कि वो इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवार को धैर्य एवं शक्ति प्रदान करें तथा दिवंगत की आत्मा को शांति दें।