UP News : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक बेहद शर्मनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिले के शिकारपुर कोतवाली क्षेत्र के कैलावन गांव स्थित श्मशान घाट में एक भाजपा नेता को एक शादीशुदा महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में रंगे हाथों पकड़ा गया। यह घटना शुक्रवार दोपहर की बताई जा रही है। ग्रामीणों ने न केवल मौके पर दोनों को पकड़ा बल्कि पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आपत्तिजनक स्थिति में पकडाए BJP नेता
ग्रामीणों ने बताया कि श्मशान घाट में एक कार काफी देर से संदिग्ध हालत में खड़ी थी। शक होने पर जब कुछ लोग पास पहुंचे और कार के अंदर झांका, तो वहां मौजूद एक पुरुष और एक महिला को अर्धनग्न और आपत्तिजनक स्थिति में पाया। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला अपना चेहरा दुपट्टे से छुपाने की कोशिश कर रही है, जबकि पुरुष ग्रामीणों से माफी मांगते हुए नजर आ रहा है।वीडियो में नजर आ रहे शख्स की पहचान भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला मंत्री राहुल वाल्मीकि के रूप में हुई है। मामला सामने आते ही भाजपा नेतृत्व ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहुल वाल्मीकि को पार्टी से निष्कासित कर दिया।
अब तक पुलिस में शिकायत नहीं
भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा, "पार्टी इस तरह की किसी भी हरकत को बर्दाश्त नहीं करती। जब तक जांच पूरी नहीं होती, राहुल वाल्मीकि का पार्टी से कोई संबंध नहीं रहेगा।" इस पूरी घटना के बावजूद, स्थानीय पुलिस के अनुसार अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है। शिकारपुर कोतवाली प्रभारी का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद से राहुल वाल्मीकि फरार बताया जा रहा है।
इससे पहले भी वायरल हुआ था भाजपा नेता का वीडियो
गौरतलब है कि कुछ समय पहले मध्य प्रदेश के भाजपा नेता मनोहरलाल धाकड़ का भी एक अश्लील वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में नजर आए थे। उस मामले में पुलिस ने न सिर्फ एफआईआर दर्ज की थी, बल्कि घटना में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त की थी।