उत्तर प्रदेश के 6 जिलों की चमकेगी किस्मत, गांव में भी खिलेंगे विकास के फूल
UP News
दिल्ली
RP Raghuvanshi
01 Jul 2025 04:11 PM
दिल्ली
RP Raghuvanshi
01 Jul 2025 04:11 PM
UP News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और उसके आसपास के जिलों के सुनियोजित विकास के लिए अब दिल्ली-एनसीआर की तर्ज पर स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) का निर्माण होने जा रहा है। यह महत्वाकांक्षी योजना सिर्फ राजधानी ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के आधारभूत ढांचे, आर्थिक विकास और रोजगार के अवसरों को नया आयाम देगी।
छह जिलों की बदलेंगी सूरत
लखनऊ समेत छह जिलों को मिलाकर बनने वाला स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) अब आकार लेने जा रहा है जिसे दिल्ली-एनसीआर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इस क्षेत्र में लखनऊ के साथ उन्नाव, बाराबंकी, हरदोई, रायबरेली और अयोध्या को शामिल किया गया है, जिसका कुल क्षेत्रफल लगभग 26,700 वर्ग किलोमीटर होगा। SCR योजना का उद्देश्य क्षेत्रीय विकास, बेहतर कनेक्टिविटी, आधारभूत ढांचे का विस्तार, रोजगार सृजन और जीवन गुणवत्ता में सुधार लाना है।
तैयार किया जा रहा मास्टर प्लान
विश्व बैंक के सहयोग और 71 करोड़ रुपये की लागत से इस योजना का विस्तृत मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है, जिसकी जिम्मेदारी दो कंसल्टेंसी कंपनियों को दी गई है। एक साल में मास्टर प्लान तैयार होगा, जिसमें करीब 25 प्रमुख परियोजनाओं की पहचान कर उनके क्रियान्वयन की रूपरेखा बनाई जाएगी। इस योजना में स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, ट्रांसपोर्ट नेटवर्क, हेरिटेज संरक्षण, और शहरी सुविधाओं के ग्रामीण विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है।
पैदा होंगे लाखों रोजगार के अवसर
SCR के अंतर्गत सभी जिलों को रिंग रोड, एक्सप्रेसवे, रेल नेटवर्क और मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के माध्यम से जोड़ा जाएगा, जिससे व्यापार, उद्योग और निवेश को बल मिलेगा। गांवों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, जल आपूर्ति और डिजिटल सुविधाएं पहुंचाकर पलायन को रोका जाएगा। साथ ही, ऐतिहासिक विरासतों को संरक्षित करने और पर्यटन को बढ़ावा देने की भी योजना है। सरकार SCR को एक मॉडल प्रोजेक्ट के रूप में विकसित करना चाहती है, जिससे उत्तर प्रदेश को औद्योगिक निवेश का केंद्र बनाकर लाखों रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकें। UP News