UP News : सुसरालियों ने धमकाया, तो दामाद ने लगाई फांसी, पत्नी को विदा कराने आया था ससुराल
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 01:48 AM
UP News : हरदोई। यूपी के हरदोई में बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में कन्नौज से पत्नी को विदा कराने आए पति को उसके ससुराल वालों ने पुलिस की धमकी दी। धमकी के डर से उसने आम के बाग में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।घटना के बारे में सीओ बिलग्राम सत्येन्द्र सिंह का कहना है कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
काफी दिनों से मायके में थी पत्नी
कन्नौज जिले के तकिया बहादुरपुर निवासी कादिर अली के पुत्र मस्तान अली (25) की शादी करीब दो साल पहले बिलग्राम कस्बे के काजीपुर मोहल्ले से हुई थी। उसकी पत्नी काफी दिनों से मायके में रह रही है। दो दिन पहले मस्तान ससुराल आया था। उसने ससुराल वालों से रमजान और ईद की तैयारियों का हवाला देते हुए पत्नी को विदा करने की बात कही। इस पर ससुराल वालों ने उल्टे उसे ही बुरा-भला कहते हुए उसे पुलिस-थाने भेजने की धमकी दे डाली। डर से उसने फांसी लगा ली।
बाग में फंदे से लटका मिला शव
पिता कादिर अली का कहना है कि धमकी से डरे-सहमे उसके पुत्र ने आत्महत्या कर ली। उसका शव बिलग्राम-कन्नौज बाईपास पर गुलाब बाड़ी के पास बाग में फंदे से लटका मिला है। गुरुवार की सुबह जब इसका पता चला, तो क्षेत्र में खलबली मच गई। कोतवाल बिलग्राम फूल सिंह का कहना है कि शव को कब्जे में ले कर उसका पोस्टमार्टम कराया गया है।
सीओ बोले- हर पहलू से हो रही है जांच
वहीं, सीओ बिलग्राम सत्येंद्र सिंह ने बताया कि मामले की हर एक पहलू से जांच की जा रही है। हालांकि परिजनों से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले का संज्ञाल लेते हुए जांच की जा रही है।