बुर्कानशीं महिला को KISS करके भागने वाला शोहदा चढ़ा पुलिस के हत्थे, थाने में रो-रो कर मांगी माफी
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 05:03 AM
UP News : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अहमद नगर में एक शर्मनाक घटना सामने आई थी, जहां एक बुर्कानशीं महिला के साथ सार्वजनिक स्थान पर अभद्रता की गई। घटना 20 मई की है जब एक युवक ने गली से गुजर रही महिला को अचानक किस करके भागने की कोशिश की। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
कान पकड़कर मांगी माफी
पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की गई और फिर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान सुहेल, निवासी लख्खीपुरा, थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी थाने में कान पकड़कर माफी मांगता नजर आया और कहा कि, "मुझसे गलती हो गई आगे से ऐसा नहीं होगा, कृपया माफ कर दें।" पुलिस हिरासत में सुहेल की हालत देखकर स्पष्ट है कि उसे अपने किए पर पछतावा हो रहा है।
आरोपी को भेजा गया जेल
पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और इस तरह की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। UP News