आ गया बिजनेस शुरू करने का सही वक्त, उत्तर प्रदेश सरकार बनेगी बैकबोन
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
18 Jul 2025 10:32 AM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
18 Jul 2025 10:32 AM
UP News : अगर आप युवा हैं और खुद का कारोबार शुरू करना चाहते हैं, लेकिन पूंजी की कमी और लोन के ब्याज का डर आपको रोक रहा है तो आपके लिए उत्तर प्रदेश सरकार की एक जबरदस्त योजना है। 'मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान' नाम की यह स्कीम बिना ब्याज और बिना गारंटी के 5 लाख रुपये तक का लोन देती है वो भी बेहद आसान शर्तों पर।
क्या है इस योजना का मकसद?
इस योजना का उद्देश्य है 21 से 40 साल के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना। सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले 10 सालों में 10 लाख युवाओं को इस योजना के जरिए अपना व्यवसाय शुरू करने में मदद मिले यानी हर साल 1 लाख युवाओं को रोजगार का मौका मिलेगा।
क्यों है यह स्कीम खास?
कई बार युवा अच्छा आइडिया और हुनर होने के बावजूद सिर्फ पैसों की कमी की वजह से अपना बिजनेस शुरू नहीं कर पाते। बैंक लोन में गारंटी और ब्याज जैसी जटिलताएं भी बाधा बनती हैं। इस योजना में न तो गारंटी चाहिए और न ही कोई ब्याज देना होगा। बस कुछ मूल शर्तें पूरी करनी होंगी।
लोन से जुड़ी मुख्य बातें
लोन राशि: अधिकतम ₹5 लाख
ब्याज: शून्य (0%)
गारंटी: नहीं चाहिए
लोन अवधि: 4 साल में चुकाना होगा
10% तक सब्सिडी: अगर दो साल तक बिजनेस सफलतापूर्वक चले, तो मार्जिन मनी सरकार माफ कर देगी
अंशदान
सामान्य वर्ग: 15%
ओबीसी: 12.5%
SC/ST/दिव्यांग: 10%
लोन के लिए पात्रता क्या है?
उम्र: 21 से 40 साल
शिक्षा: न्यूनतम 8वीं पास
कौशल प्रशिक्षण: ODOP, विश्वकर्मा सम्मान, SC-ST स्कीम, या किसी मान्यता प्राप्त संस्था से ट्रेनिंग।
बिजनेस कैटेगरी: गुटखा, शराब, कैरीबैग, तंबाकू जैसे धंधों को लोन नहीं मिलेगा।
कैसे करें आवेदन?
सबसे पहले msme.up.gov.in पर जाएं। वहां ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरें। जिला उद्योग केंद्र द्वारा आवेदन की जांच की जाएगी। इसके बाद बैंक को फॉर्म भेजा जाएगा। बैंक द्वारा लोन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। अगर आप समय पर 5 लाख का लोन चुका देते हैं, तो अगली बार 10 लाख तक का लोन भी मिल सकता है। इसमें से 7.5 लाख तक के लोन पर 50% ब्याज सब्सिडी भी तीन साल तक दी जाएगी।
डिजिटल लेन-देन पर भी प्रोत्साहन
हर लाभार्थी को डिजिटल ट्रांजैक्शन के लिए ₹1 प्रति लेन-देन और अधिकतम ₹2000/साल का अतिरिक्त प्रोत्साहन भी दिया जाएगा। यह योजना सिर्फ एक आर्थिक सहायता नहीं है, बल्कि युवाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने का मौका है। यह रोजगार नहीं, बल्कि रोजगार निर्माता बनने का अवसर है। अगर आप में जुनून है, एक आइडिया है और हिम्मत है, तो यूपी सरकार की यह योजना आपके सपनों को हकीकत में बदल सकती है।