UP News : ग्राम प्रधान ही निकला अपराधियों को संरक्षक
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 05:41 AM
Bulandshahr : बुलंदशहर। जिले के इलना गांव का प्रधान ही अपराधियों का संरक्षक निकला। दरअसल, नोएडा निवासी सुनील आहूजा मुंबई में फर्जी पासपोर्ट बनाने का काम करता है। उस पर कई मामले दर्ज हैं। उसकी तलाश में मुंबई पुलिस यूपी के बुलंदशहर के ईलना गांव पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया। लेकिन, ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले गिरोह के सरगना सुनील आहूजा को छुड़ा लिया। फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे एसपी सिटी ने किसी तरह से मुंबई पुलिस को ग्रामीणों के बीच से निकाला।
नोएडा निवासी सुनील आहूजा के खिलाफ मुंबई में फर्जी पासपोर्ट बनाने के कई मुकदमे दर्ज हैं। वह फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले गिरोह का सरगना बताया जा रहा है। मुंबई पुलिस को इनपुट मिला था कि सुनील औरंगाबाद क्षेत्र के ईलना गांव के ग्राम प्रधान के पास रुका हुआ है। मुंबई पुलिस के जवान सादी वर्दी में दो गाड़ियों में सवार होकर मौके पर पहुंच गए। ग्राम प्रधान के घर पर दबिश देकर आरोपी सुनील आहूजा को हिरासत में ले लिया। इसी दौरान ग्रामीणों को सूचना मिली कि बदमाशों ने ग्राम प्रधान के घर में घुसकर एक व्यक्ति को अगवा कर लिया है। यह जानकारी होते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और पुलिस की गाड़ी पर पथराव करते हुए आरोपी सुनील आहूजा को गाड़ी से बाहर निकाल लिया। इसके बाद आरोपी सुनील मौके से फरार हो गया। पथराव के दौरान मुंबई पुलिस के साथ आए एक शिकायतकर्ता को भी चोट आई है। इस दौरान मुंबई पुलिस की ओर से चार राउंड फायरिंग भी की गई। इससे ग्रामीण आगबबूला हो गए।